रायपुर, 20 अक्टूबर 2026
छत्तीसगढ़ में रेल कनेक्टिविटी के विस्तार की दिशा में मंगलवार को एक महत्वपूर्ण उपलब्धि जुड़ी। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर रेलवे स्टेशन से रावघाट-रायपुर एवं रायपुर-कुरूद नई यात्री रेल सेवाओं को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर ताड़ोकी-रावघाट और अभनपुर-कुरूद रेलखंडों का लोकार्पण किया गया। साथ ही रायपुर में आधुनिक इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव मेंटेनेंस फैसिलिटी की आधारशिला भी रखी गई।
इस नई रेल सुविधा के साथ आजादी के बाद पहली बार रावघाट रेल नेटवर्क से जुड़ा है। इससे बस्तर और दक्षिण छत्तीसगढ़ के दूरस्थ एवं जनजातीय क्षेत्रों को राजधानी रायपुर सहित अन्य प्रमुख केंद्रों से जोड़ने में मदद मिलेगी। नई रेल सेवाओं से यात्रियों के आवागमन के साथ व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
रावघाट तक पहली बार पहुंची रेल
दल्लीराजहरा-रावघाट रेल परियोजना छत्तीसगढ़ की प्रमुख रेल परियोजनाओं में शामिल है। लगभग 1,628 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना की कुल लंबाई करीब 95 किलोमीटर है। ताड़ोकी से रावघाट के बीच 17.5 किलोमीटर रेल लाइन का काम पूरा होने के साथ रावघाट तक रेल संपर्क स्थापित हो गया है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस उपलब्धि पर प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में रेल अधोसंरचना का तेजी से विस्तार हो रहा है। सरकार का प्रयास है कि आधुनिक परिवहन सुविधाओं का लाभ केवल बड़े शहरों तक सीमित न रहे, बल्कि बस्तर और सरगुजा सहित दूरस्थ एवं जनजातीय क्षेत्रों तक भी पहुंचे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रावघाट तक रेल पहुंचना केवल एक रेल परियोजना का पूरा होना नहीं, बल्कि बस्तर के विकास की नई संभावनाओं का द्वार खुलना है। बेहतर रेल संपर्क से स्थानीय लोगों को बाजारों तक पहुंचने, व्यापार करने और रोजगार के नए अवसर प्राप्त करने में सुविधा होगी।
छत्तीसगढ़ में 54 हजार करोड़ रुपये की रेल परियोजनाओं पर काम
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में रेलवे के विकास के लिए बड़े पैमाने पर कार्य किए जा रहे हैं। वर्तमान में प्रदेश में लगभग 54 हजार करोड़ रुपये की रेल परियोजनाओं पर काम चल रहा है। इस वर्ष छत्तीसगढ़ को रेलवे के लिए 7,470 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया गया है।
रेल मंत्री ने बताया कि रावघाट तक रेल संपर्क स्थापित होना और नई यात्री रेल सेवाओं की शुरुआत प्रदेश की कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। आने वाले समय में रावघाट से जगदलपुर तक रेल संपर्क विकसित करने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है। इसके अलावा रावघाट-जगदलपुर-कोरापुट-विशाखापत्तनम रेल संपर्क के विस्तार के प्रयास किए जा रहे हैं।
इन परियोजनाओं से बस्तर और दक्षिण छत्तीसगढ़ का देश के प्रमुख रेल नेटवर्क तथा आर्थिक केंद्रों से संपर्क बेहतर होने की उम्मीद है।
रायपुर-कुरूद रेल सेवा से धमतरी तक कनेक्टिविटी का रास्ता साफ
अभनपुर-धमतरी गेज परिवर्तन परियोजना के अंतर्गत अभनपुर से कुरूद तक करीब 22 किलोमीटर रेल लाइन का गेज परिवर्तन पूरा किया गया है। इसके बाद रायपुर से कुरूद के बीच नई यात्री रेल सेवा शुरू की गई।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि पहले रायपुर और धमतरी के बीच नैरो गेज रेल सेवा संचालित होती थी। अब रेलमार्ग को ब्रॉडगेज में परिवर्तित किए जाने से यात्रियों को बेहतर रेल सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में प्रगति हुई है।
कुरूद से धमतरी तक शेष कार्य पूरा होने के बाद रायपुर से धमतरी तक रेल सेवा के विस्तार का मार्ग और प्रशस्त होगा।
वर्ष 2014 के बाद बिछाई गईं 1,328 किलोमीटर नई रेल पटरियां
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद छत्तीसगढ़ में रेलवे के विकास को गति मिली है। उनके अनुसार, पहले प्रदेश को रेलवे विकास के लिए प्रतिवर्ष लगभग 300 करोड़ रुपये का बजट मिलता था, जबकि अब यह बढ़कर सात हजार करोड़ रुपये से अधिक हो गया है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2014 के बाद छत्तीसगढ़ में लगभग 1,328 किलोमीटर नई रेल पटरियां बिछाई गई हैं। प्रदेश में नई रेल लाइनों के निर्माण, दोहरीकरण, विद्युतीकरण, स्टेशनों के आधुनिकीकरण और यात्री सुविधाओं के विस्तार पर भी काम किया जा रहा है।
32 रेलवे स्टेशनों का हो रहा आधुनिकीकरण
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के 32 रेलवे स्टेशनों को आधुनिक और विश्वस्तरीय सुविधाओं से विकसित करने का कार्य किया जा रहा है। इनमें से आठ स्टेशन विकसित होकर तैयार हो चुके हैं।
रेलवे स्टेशनों के आधुनिकीकरण से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। साथ ही संबंधित शहरों में व्यापार, पर्यटन और रोजगार से जुड़ी गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलने की संभावना है।
रायपुर में बनेगी आधुनिक इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव मेंटेनेंस फैसिलिटी
कार्यक्रम के दौरान रायपुर में आधुनिक इलेक्ट्रिक रेल इंजन मेंटेनेंस फैसिलिटी की आधारशिला रखी गई। इस सुविधा के विकसित होने के बाद भविष्य में 300 हाई हॉर्सपावर इलेक्ट्रिक रेल इंजनों के रखरखाव की क्षमता विकसित होगी।
इससे रेल इंजनों के रखरखाव की व्यवस्था बेहतर होने, परिचालन क्षमता बढ़ने और माल परिवहन की आवश्यकताओं को पूरा करने में मदद मिलेगी। यह परियोजना छत्तीसगढ़ में रेलवे की आधुनिक तकनीकी और रखरखाव संबंधी अधोसंरचना के विस्तार की दिशा में भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
नई रेल परियोजनाओं से दूरस्थ क्षेत्रों को मिलेगा लाभ
मुख्यमंत्री साय ने प्रदेश में रेल नेटवर्क के विस्तार और नई परियोजनाओं की स्वीकृति के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार जताया। उन्होंने खरसिया-परमालकसा, रावघाट-जगदलपुर और डोंगरगढ़-कटघोरा सहित विभिन्न रेल परियोजनाओं का उल्लेख किया।
मुख्यमंत्री ने जशपुर जिले के पत्थलगांव से लोहरदगा क्षेत्र की ओर रेल संपर्क के विस्तार की मांग को विशेष पैकेज में शामिल किए जाने के लिए भी रेल मंत्री का धन्यवाद किया।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के दूरस्थ, वनांचल और जनजातीय क्षेत्रों तक रेल नेटवर्क पहुंचने से विद्यार्थियों, मरीजों, किसानों, उत्पादकों और युवाओं को लाभ होगा। विद्यार्थियों को शिक्षा, मरीजों को स्वास्थ्य सेवाओं, किसानों को बड़े बाजारों और युवाओं को रोजगार के अवसरों तक पहुंचने में आसानी होगी।
बस्तर के विकास को मिलेगी नई गति
मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर में सड़क, रेल, बिजली, दूरसंचार और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। रावघाट तक रेल पहुंचने से बस्तर के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।
बेहतर रेल संपर्क से क्षेत्र के स्थानीय उत्पादों को बड़े बाजारों तक पहुंचाने में सुविधा होगी। इसके साथ ही पर्यटन, व्यापार और औद्योगिक गतिविधियों के लिए भी नई संभावनाएं विकसित हो सकती हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य विकास का लाभ समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना है। आधुनिक परिवहन सुविधाएं इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
विजयादशमी पर मिली नई रेल सेवाओं की सौगात
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विजयादशमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस पावन अवसर पर छत्तीसगढ़ को नई यात्री रेल सेवाओं और आधुनिक रेल अधोसंरचना की सौगात मिलना प्रदेश के लिए गौरव का विषय है।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में प्रदेश के अधिक से अधिक दूरस्थ क्षेत्रों को आधुनिक रेल नेटवर्क से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा, ताकि लोगों को बेहतर कनेक्टिविटी और रोजगार के अवसर मिल सकें।
कार्यक्रम में रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, महासमुंद सांसद रूपकुमारी चौधरी, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, कांकेर सांसद भोजराज नाग, विधायक राजेश मूणत, मोतीलाल साहू, पुरंदर मिश्रा, पूर्व सांसद एवं विधायक विक्रम उसेंडी, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश, मंडल रेल प्रबंधक दयानंद सहित अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


