रायपुर, 5 अक्टूबर 2026

प्रदेश के युवाओं को रोजगार के अधिकाधिक अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 7 एवं 8 अक्टूबर 2026 को राजधानी रायपुर के बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में राज्य स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मुख्य आतिथ्य और कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग मंत्री गुरु खुशवंत साहेब की अध्यक्षता में आयोजित इस रोजगार मेले में तकनीकी एवं गैर-तकनीकी क्षेत्रों के 8 हजार से अधिक रिक्त पदों पर युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे।

कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग के सचिव डॉ. बसवराजू एस. ने बताया कि रोजगार मेले में प्रदेश के बड़े उद्योगों और निजी प्रतिष्ठानों की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है। इसका उद्देश्य विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध रिक्त पदों के लिए युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।

इच्छुक युवा ई-रोजगार पोर्टल पर उपलब्ध रिक्तियों की जानकारी प्राप्त करने के साथ रोजगार मेले के लिए अपना पंजीयन करा सकते हैं। रोजगार मेले में चयनित आवेदकों को कार्यक्रम के दौरान ऑफर लेटर प्रदान किए जाने की भी तैयारी की गई है।

मेले में आने वाले युवाओं को विभिन्न प्रतिष्ठानों और उद्योगों में उपलब्ध रोजगार के अवसरों की जानकारी प्राप्त करने तथा अपनी योग्यता के अनुरूप पदों के लिए आवेदन करने का अवसर मिलेगा।

युवाओं की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए ग्राम पंचायतों और नगरीय निकायों सहित विभिन्न माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। संबंधित विभागों और जिलों को भी युवाओं तक रोजगार मेले की जानकारी पहुंचाने तथा उनकी सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

राज्य शासन द्वारा आयोजित यह रोजगार मेला प्रदेश के युवाओं को निजी क्षेत्र के प्रतिष्ठित संस्थानों एवं उद्योगों से सीधे जुड़ने का अवसर प्रदान करेगा। शासन ने आयोजन को सफल बनाने और अधिकाधिक युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए सभी संबंधित विभागों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts