एंटरटेनमेंट डेस्क,5 अक्टूबर 2026

मुंबई, 5 अक्टूबर 2026। रोहित शेट्टी के स्टंट-बेस्ड रियलिटी शो ‘खतरों के खिलाड़ी 15’ का ग्रैंड फिनाले 4 अक्टूबर को हुआ, जिसमें अभिनेता अविनाश मिश्रा विजेता बने। उन्होंने फाइनल मुकाबले में ओरी और ऋत्विक धनजानी को पीछे छोड़ते हुए ट्रॉफी अपने नाम की।

ग्रैंड फिनाले में टॉप-5 कंटेस्टेंट्स में फरहाना भट्ट, ओरी, अविनाश मिश्रा, ऋत्विक धनजानी और करण वाही शामिल थे। करण वाही और फरहाना भट्ट अपने-अपने टास्क हारकर प्रतियोगिता से बाहर हो गए।

इसके बाद अविनाश, ओरी और ऋत्विक के बीच फाइनल स्टंट हुआ। इस टास्क में हेलीकॉप्टर से छलांग लगाना, जेट स्की चलाना और तैरकर एंड-पॉइंट तक पहुंचना शामिल था। अविनाश ने सबसे कम समय में स्टंट पूरा कर जीत हासिल की।

विजेता घोषित होने के बाद अविनाश भावुक हो गए और उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। उनकी गर्लफ्रेंड और ‘बिग बॉस 18’ की को-स्टार ईशा सिंह भी इस दौरान भावुक नजर आईं। जीत के बाद अविनाश ने ईशा को गले लगाया।

अविनाश को ट्रॉफी के साथ 20 लाख रुपये की प्राइज मनी, मारुति सुजुकी स्विफ्ट और यूरोप यात्रा के फ्री टिकट भी मिले।

जीत के बाद अविनाश ने कहा कि अपने 10 साल के करियर में उन्होंने कई बार अवॉर्ड्स के लिए नामांकन हासिल किया, लेकिन कभी कोई ट्रॉफी नहीं जीती थी। उन्होंने कहा कि यह उनका पहला अवॉर्ड है और इससे बेहतर शुरुआत की कल्पना नहीं कर सकते।

शो में अविनाश के अलावा गौरव खन्ना, हर्ष गुजराल, शगुन शर्मा, रुबिना दिलैक, विशाल आदित्य सिंह, जैस्मिन भसीन, अविका गौर और रुहानिका धवन भी नजर आए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts