रायपुर, 19 नवंबर 2026
प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के उत्कृष्ट क्रियान्वयन के लिए छत्तीसगढ़ को चार राष्ट्रीय पुरस्कार मिलने जा रहे हैं। भारत सरकार के केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय ने ‘स्वनिधि सम्मान अवार्ड्स-2026’ के लिए छत्तीसगढ़ राज्य के साथ तीन नगरीय निकायों बिलासपुर, बड़े बचेली और दंतेवाड़ा का चयन किया है। इन पुरस्कारों के माध्यम से राज्य में पथ विक्रेताओं के आर्थिक सशक्तीकरण और योजना के बेहतर क्रियान्वयन को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलेगी।
20 नवंबर को नई दिल्ली में होगा सम्मान समारोह
केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री श्री मनोहर लाल 20 नवंबर 2026 को नई दिल्ली के डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित समारोह में चयनित विजेताओं को राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान करेंगे। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ की ओर से उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन तथा विकास मंत्री श्री अरुण साव के नेतृत्व में राज्य शासन के वरिष्ठ अधिकारियों और संबंधित नगरीय निकायों के निर्वाचित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की टीम पुरस्कार ग्रहण करेगी।
अरुण साव ने दी बधाई, कहा- पथ विक्रेताओं के जीवन में आ रहा सकारात्मक बदलाव
उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने इस उपलब्धि पर नगरीय प्रशासन विभाग और तीनों नगरीय निकायों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत छत्तीसगढ़ को चार राष्ट्रीय पुरस्कार मिलना पूरे प्रदेश के लिए गौरव और प्रसन्नता का विषय है।
उन्होंने कहा कि राज्य के साथ बिलासपुर, बड़े बचेली और दंतेवाड़ा का राष्ट्रीय स्तर पर चयन नगरीय निकायों के बेहतर कार्यों और पथ विक्रेताओं के आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
छोटे व्यवसायियों को आत्मनिर्भर बना रही पीएम स्वनिधि योजना
उप मुख्यमंत्री श्री साव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना से छोटे व्यवसायियों और स्ट्रीट वेंडर्स को आत्मनिर्भर बनने के नए अवसर मिल रहे हैं। योजना के माध्यम से पथ विक्रेताओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने और उनके व्यवसाय को आगे बढ़ाने में मदद मिल रही है।
उन्होंने कहा कि यह राष्ट्रीय सम्मान नगरीय निकायों को पथ विक्रेताओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए और अधिक प्रतिबद्धता के साथ काम करने की प्रेरणा देगा। छत्तीसगढ़ को मिले ये चार राष्ट्रीय पुरस्कार राज्य में शहरी विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हैं।


