रायपुर,23 सितम्बर 2026

सेवा संकल्प अभियान के तहत राजधानी रायपुर के सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में बुधवार को आयुर्वेद सेवा सम्मेलन, रक्तदान महाकुंभ एवं वृहद स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल हुए। इस दौरान एक ही दिन में 1000 से अधिक महिलाओं द्वारा रक्तदान करने की ऐतिहासिक पहल को Golden Book of World Records में दर्ज किया गया।

आयोजन के लिए 3600 से अधिक महिलाओं ने रक्तदान के लिए पंजीयन कराया था और रक्तदान के लिए 200 बेड की व्यवस्था की गई थी। कार्यक्रम में लगभग 2500 यूनिट रक्तदान का लक्ष्य रखा गया। Golden Book of World Records के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को इस उपलब्धि का प्रमाणपत्र और मेडल प्रदान किया।

मुख्यमंत्री साय ने रक्तदान को मानवता की सबसे बड़ी सेवाओं में से एक बताते हुए कहा कि रक्त की प्रत्येक यूनिट किसी जरूरतमंद मरीज के लिए जीवन की नई उम्मीद बन सकती है। उन्होंने बड़ी संख्या में महिलाओं, युवाओं और समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों के रक्तदान, देहदान एवं अंगदान के लिए आगे आने की सराहना की।

प्रोजेक्ट दधीचि के तहत 31 लोगों ने लिया देहदान का संकल्प

कार्यक्रम में प्रोजेक्ट दधीचि के तहत 31 लोगों ने देहदान का संकल्प लिया। इनमें पद्मश्री एवं धरसींवा विधायक अनुज शर्मा भी शामिल रहे। बताया गया कि प्रोजेक्ट दधीचि के अंतर्गत अब तक 103 लोग देहदान का संकल्प ले चुके हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जीवन के बाद भी किसी के काम आने का संकल्प मानव सेवा की प्रेरणादायी भावना है। देहदान चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है, जबकि अंगदान जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन देने में मदद कर सकता है।

आयुर्वेद भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा की अमूल्य धरोहर

राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि आयुर्वेद भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा की अमूल्य धरोहर है। भगवान धन्वंतरि, चरक और सुश्रुत जैसे महान आचार्यों द्वारा विकसित चिकित्सा परंपरा आज भी मानव कल्याण के लिए महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के साथ आयुर्वेद, योग और प्राकृतिक चिकित्सा जैसी भारतीय चिकित्सा पद्धतियों को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। आयुष मंत्रालय के माध्यम से इन पद्धतियों को प्रोत्साहित किया जा रहा है और आरोग्य मंदिर एवं वेलनेस सेंटर के जरिए उपचार के साथ रोगों की रोकथाम और स्वस्थ जीवनशैली पर भी ध्यान दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार भी स्वस्थ और सशक्त छत्तीसगढ़ के संकल्प के साथ प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और सुदृढ़ीकरण के लिए लगातार काम कर रही है।

प्रदेश में मजबूत हो रही स्वास्थ्य अधोसंरचना

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आयोजित रक्तदान महाकुंभ में लगभग 2500 यूनिट रक्तदान का लक्ष्य रखा गया।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में जगदलपुर और बिलासपुर में सुपर स्पेशलिटी स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है। नए मेडिकल कॉलेजों के माध्यम से चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत किया गया है। आयुष्मान भारत योजना के जरिए पात्र नागरिकों को निजी चिकित्सालयों में भी उपचार की सुविधा मिल रही है।

स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि प्रदेश में चार नए योग एवं नेचुरोपैथी अस्पताल विकसित किए जा रहे हैं। रायपुर में एनआईटी के सामने 100 बिस्तरीय नया आयुर्वेदिक अस्पताल तैयार किया जा रहा है, जबकि बिलासपुर में भी आयुर्वेदिक अस्पताल के नए भवन का निर्माण जारी है।

जरूरतमंद बच्चों के लिए बुक, टॉय और स्टेशनरी कलेक्शन

सेवा संकल्प अभियान के तहत रक्तदान और स्वास्थ्य जांच के साथ जरूरतमंद बच्चों के लिए पुस्तक, खिलौने और स्टेशनरी संग्रह की विशेष पहल भी की गई। कार्यक्रम स्थल पर बुक कलेक्शन, टॉय कलेक्शन और स्टेशनरी कलेक्शन के लिए अलग-अलग केंद्र बनाए गए थे।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सेवा का अर्थ केवल किसी एक क्षेत्र में सहयोग करना नहीं, बल्कि समाज में जहां आवश्यकता हो, वहां संवेदनशीलता के साथ आगे बढ़कर सहयोग करना है। बच्चों तक पुस्तकें, खिलौने और अध्ययन सामग्री पहुंचाने की यह पहल उनकी शिक्षा और विकास में उपयोगी होगी।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर सेवा संकल्प अभियान की विभिन्न गतिविधियों और आयुर्वेद से जुड़े स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने आयोजकों और प्रतिभागियों से चर्चा कर गतिविधियों की जानकारी ली तथा सेवा कार्यों में सक्रिय सहभागिता के लिए उनका उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव, वन मंत्री केदार कश्यप, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक सुनील सोनी, विधायक एवं पद्मश्री अनुज शर्मा, विधायक प्रबोध मिंज सहित विभिन्न निगम-मंडलों के अध्यक्ष, प्रशासनिक अधिकारी, अर्धसैनिक बल एवं सेना के अधिकारी-जवान तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts