रायपुर, 17 जुलाई 2026
महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप से जुड़े कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बिग बॉस-13 की पूर्व कंटेस्टेंट और स्पोर्ट्स प्रेजेंटर शेफाली बग्गा से रायपुर स्थित जोनल कार्यालय में करीब 5 घंटे तक पूछताछ की। एजेंसी ने प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) के तहत उनका बयान दर्ज किया।
ED के अनुसार, जांच में शेफाली बग्गा का नाम कथित हवाला ऑपरेटर खंजन जगदीश कुमार ठक्कर से जुड़े संपर्कों में सामने आया है। एजेंसी का दावा है कि वह दुबई और लंदन से संचालित ऑनलाइन बेटिंग ऐप्स के प्रचार-प्रसार से जुड़ी रही हैं। मामले में मिले डिजिटल साक्ष्यों और प्रमोशनल सामग्री की फोरेंसिक जांच की जा रही है।
जांच एजेंसी का आरोप है कि शेफाली बग्गा केवल बेटिंग ऐप्स का प्रचार ही नहीं करती थीं, बल्कि सोशल मीडिया और अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से बेटिंग टिप्स भी साझा करती थीं। टेलीग्राम चैनल के जरिए कथित रूप से बेटिंग कोड, प्रमोशनल लिंक और अन्य सामग्री साझा किए जाने की भी जांच की जा रही है।
ED यह भी पता लगा रही है कि इन गतिविधियों के बदले उन्हें महादेव नेटवर्क या उससे जुड़े लोगों से कोई आर्थिक लाभ मिला था या नहीं। इसके लिए डिजिटल रिकॉर्ड और वित्तीय लेनदेन की जांच जारी है।
करीब 5 घंटे की पूछताछ के बाद बाहर आईं शेफाली बग्गा ने मीडिया से बातचीत में अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि उन्होंने जांच एजेंसी के सभी सवालों के जवाब दिए हैं। ED ने संकेत दिए हैं कि आवश्यकता पड़ने पर उन्हें दोबारा भी पूछताछ के लिए बुलाया जा सकता है।
शेफाली बग्गा टीवी पत्रकार, स्पोर्ट्स प्रेजेंटर और बिग बॉस-13 की पूर्व प्रतिभागी रह चुकी हैं। उन्होंने कई प्रमुख क्रिकेट आयोजनों की एंकरिंग की है। अब उनका नाम महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप मामले की जांच में सामने आने के बाद यह मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है।


