रायपुर, 25 अगस्त 2026
बेमेतरा जिले की दाढ़ी तहसील अंतर्गत ग्राम हेमाबंद में आवारा एवं घुमंतू पशुओं को अनाधिकृत रूप से बंधक बनाकर रखने के मामले में जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। शिकायत की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल पशु चिकित्सक को मौके पर भेजकर जांच कराई।
प्रथम दृष्टया शिकायत सही पाए जाने के बाद पुलिस ने आरोपी दिलीप राय के विरुद्ध एफआईआर दर्ज की। मामले में दिलीप राय और उसके पुत्र संजय राय को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया है।
विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज हुआ मामला
पुलिस के अनुसार, हेमाबंद निवासी दिलीप राय (55 वर्ष) और संजय राय (35 वर्ष) के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 325 और 299, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11(1)(क) और 11(1)(ज) तथा छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम की धारा 4, 6 और 10 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
शासकीय भूमि से हटाया गया अतिक्रमण
प्रशासन ने कार्रवाई को केवल एफआईआर तक सीमित नहीं रखा। आरोपी द्वारा कब्जा की गई शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई 25 अगस्त को पूरी कर ली गई।
इसके साथ ही आरोपी द्वारा उपयोग किए गए जब्त ट्रैक्टर के संबंध में राजसात की कार्रवाई भी पुलिस ने शुरू कर दी है।
126 पशुओं को सुरक्षित गौशालाओं में पहुंचाया गया
मौके पर मिले 126 पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। इसके बाद सभी पशुओं को वहां से हटाकर जिले की अन्य गौशालाओं में सुरक्षित रूप से व्यवस्थापित किया गया है।
पशुओं के स्वास्थ्य और उपचार की निरंतर निगरानी के लिए संबंधित गौशालाओं में विशेषज्ञ पशु चिकित्सकों की टीम को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
मृत पशुओं की मौत के कारणों की होगी जांच
जांच के दौरान गांव की सरहद में कुछ मृत पशु भी पाए गए हैं। इन पशुओं की मौत किन परिस्थितियों में और किन कारणों से हुई, इसकी जांच के लिए तीन पशु चिकित्सकों की टीम गठित की गई है।
टीम आवश्यक चिकित्सकीय परीक्षण और अन्य जांच के माध्यम से पशुओं की मौत के कारणों का पता लगाएगी।
लापरवाही पर पंचायत सचिव निलंबित
मामले में पंचायत स्तर पर कर्तव्यों के निर्वहन में लापरवाही को भी प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। ग्राम पंचायत हेमाबंद के सचिव श्री प्रकाश कोशले को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पशुओं के प्रति क्रूरता, शासकीय भूमि पर अवैध कब्जे और शासकीय दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही के मामलों को गंभीरता से लिया जाएगा।
जिला प्रशासन के अनुसार, हेमाबंद मामले में दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जा रही है और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


