रायपुर, 13 अगस्त 2026
लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने आज दुर्ग परिक्षेत्र के सभी संभागों में निर्माणाधीन सड़कों और भवनों की प्रगति की समीक्षा की। नवा रायपुर स्थित पीडब्ल्यूडी मुख्यालय ‘निर्माण भवन’ में आयोजित बैठक में उन्होंने प्रस्तावित, स्वीकृत और निर्माणाधीन कार्यों की जानकारी ली तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सचिव ने निर्माण कार्यों और कार्यक्रमों के बिलों के भुगतान, प्रशासकीय स्वीकृति प्राप्त कार्यों की निविदा प्रक्रिया और निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और निर्धारित समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने को कहा।
बाढ़ से खराब सड़कों-पुलों की मरम्मत सर्वोच्च प्राथमिकता
मुकेश कुमार बंसल ने अतिवृष्टि एवं बाढ़ से क्षतिग्रस्त सड़कों और पुलों के निर्माण व सुधार कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रभावित मार्गों पर आवागमन जल्द से जल्द बहाल किया जाना चाहिए।
उन्होंने चालू मानसून के दौरान सड़कों की पेच रिपेयरिंग और गड्ढों को भरने का काम तत्काल कराने को कहा। परफॉर्मेंस गारंटी वाली सड़कों की मरम्मत में लापरवाही पर ठेकेदारों को नोटिस देने और मरम्मत कार्य तत्काल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बरसात के बाद बीटी पेच रिपेयरिंग के कार्य युद्धस्तर पर कराने के लिए 31 सितंबर तक एजेंसियां तय करने और 31 अगस्त तक निविदा प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों को नियमित निरीक्षण के निर्देश
सचिव ने मुख्य अभियंता और अधीक्षण अभियंता को हर महीने कार्यपालन अभियंताओं एवं अनुविभागीय अधिकारियों की बैठक लेकर निर्माण कार्यों, निविदा प्रक्रिया, बिल भुगतान, न्यायालयीन प्रकरणों, मानव संसाधन और कार्यालयीन व्यवस्थाओं की समीक्षा करने को कहा।
उन्होंने सभी अभियंताओं को सप्ताह में कम से कम दो दिन कार्यस्थलों का दौरा कर निर्माण कार्यों का निरीक्षण और मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। साथ ही ठेकेदारों से नियमित संपर्क एवं समन्वय बनाकर टाइम-लाइन के अनुसार कार्यों की प्रगति सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में पहुंचविहीन गांवों को बारहमासी संपर्क से जोड़ने के लिए सड़कों एवं पुलों तथा द्रुतगामी सड़कों के प्रस्तावों की भी जानकारी ली गई। आपसी सहमति से होने वाले भू-अर्जन की प्रक्रिया तीन महीने में पूरी करने और भू-अर्जन के तत्काल बाद नामांतरण कराने के निर्देश दिए गए।
तीन महीने में सभी देयकों का भुगतान
सचिव ने पूर्ण हो चुके निर्माण कार्यों के जीएसटी, रॉयल्टी और ठेकेदारों के अंतिम भुगतान सहित सभी देयकों का भुगतान 30 सितंबर तक करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्य पूर्ण होने के तीन महीने के भीतर सभी देयकों का भुगतान और प्रमाण पत्र उपलब्ध कराकर PWD-IMS में कार्यों को क्लोज किया जाए।
आयोजनों एवं कार्यक्रमों से संबंधित बिलों का भुगतान एक माह के भीतर नियमित रूप से करने के निर्देश भी दिए गए।
PWD-IMS में सभी कार्यों की एंट्री 31 अगस्त तक
मुकेश कुमार बंसल ने PWD-IMS में विभाग के सभी कार्यों की एंट्री 31 अगस्त तक करने को कहा। वित्तीय वर्ष 2025-26 और 2026-27 के प्राथमिकता वाले नए कार्यों के प्राक्कलन भी 31 अगस्त तक जमा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, CPGRAMS और लोक सेवा गारंटी से संबंधित शिकायतों एवं आवेदनों का त्वरित निराकरण करने को कहा। कार्यपालन अभियंताओं को हर 15 दिन में इन पोर्टल्स की समीक्षा कर लंबित मामलों की स्थिति से अवगत रहने के निर्देश दिए गए।
लंबित पेंशन और न्यायालयीन मामलों की भी समीक्षा
बैठक में दुर्ग परिक्षेत्र के अनुकंपा नियुक्ति, न्यायालयीन मामलों और लंबित पेंशन प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। लंबित पेंशन प्रकरणों को 30 सितंबर तक निराकृत करने के निर्देश दिए गए। इस वर्ष सेवानिवृत्त होने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों के आवश्यक प्रमाण पत्र भी संकलित करने को कहा गया।
साथ ही एक ही टेबल पर तीन वर्षों से अधिक समय से कार्यरत अधिकारियों-कर्मचारियों की सूची तैयार कर 30 सितंबर तक नई पदस्थापना करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों के वार्षिक गोपनीय प्रतिवेदन (ACR) में समय-सीमा में पूर्ण किए गए निर्माण कार्यों की संख्या की मार्किंग के लिए पत्र जारी करने को भी कहा गया।
बैठक में लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी, दुर्ग परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता एन.के. जयंत, विद्युत एवं यांत्रिकी परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता टी.आर. कुंजाम, अपर सचिव एस.एन. श्रीवास्तव, छत्तीसगढ़ सड़क एवं अधोसंरचना विकास निगम के अतिरिक्त प्रबंध संचालक शशांक पाण्डेय सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और दुर्ग परिक्षेत्र के सभी सात संभागों के कार्यपालन अभियंता एवं अनुविभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।


