दुर्ग,24 नवंबर 2026

छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय चुनाव की तैयारियों के बीच मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दुर्ग जिले के रिसाली नगर निगम क्षेत्र को विकास कार्यों की बड़ी सौगात दी है। मंगलवार, 24 नवंबर को मुख्यमंत्री ने रिसाली में करीब 68 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इसके साथ ही क्षेत्र के विकास के लिए 137 करोड़ रुपये के अतिरिक्त कार्यों की घोषणा भी की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि रिसाली नगर निगम क्षेत्र के विकास में सरकार कोई कमी नहीं आने देगी। क्षेत्रवासियों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाओं पर काम किया जाएगा।

134 करोड़ की वृहद पेयजल योजना से मिलेगा स्वच्छ पानी

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रिसाली क्षेत्र में 134 करोड़ रुपये की लागत से वृहद पेयजल योजना के तहत कार्य कराने की घोषणा की। इस योजना के अंतर्गत वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण किया जाएगा, जिससे क्षेत्र के लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

इसके अलावा नेवई और जोरातराई मुक्तिधामों के सौंदर्यीकरण के लिए 1 करोड़ रुपये तथा निगम क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट व्यवस्था के विस्तार के लिए 2 करोड़ रुपये देने की घोषणा की गई। सभी वार्डों में बेहतर प्रकाश व्यवस्था विकसित करने की योजना है।

गुरुद्वारे में टेका माथा, साइबर थाने के नए भवन का किया लोकार्पण

दुर्ग जिले के प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री साय भिलाई के सेक्टर-6 स्थित गुरुद्वारे पहुंचे। यहां उन्होंने प्रकाश पर्व के अवसर पर माथा टेका और लंगर में शामिल होकर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।

इसके बाद मुख्यमंत्री ने भिलाई स्थित कंट्रोल रूम में साइबर थाने के नए भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव, स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, सांसद विजय बघेल, विधायक ललित चंद्राकर और विधायक रिकेश सेन सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

हितग्राहियों को सौंपे प्रमाण पत्र और आवास की चाबियां

कार्यक्रम के दौरान किसान मोर्चा की ओर से मुख्यमंत्री का हल भेंटकर स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री ने विभिन्न शासकीय योजनाओं के हितग्राहियों को प्रमाण पत्र, आवास योजना के मकानों की चाबियां और स्वनिधि योजना के तहत सहायता राशि प्रदान की।

मुख्यमंत्री की इन घोषणाओं से रिसाली क्षेत्र में पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं के विस्तार को गति मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts