रायपुर, 9 अक्टूबर 2026
राजधानी रायपुर के प्रसिद्ध शासकीय दूधाधारी बजरंग महिला स्नातकोत्तर (स्वशासी) महाविद्यालय (डीबी गर्ल्स कॉलेज) में छात्राओं की मूलभूत सुविधाओं के विस्तार और परिसर के कायाकल्प की दिशा में पहल की जा रही है। कॉलेज के करीब 60 साल पुराने मुख्य भवन के पुनरुद्धार और छात्राओं की सुविधा के लिए नई वेंडिंग एवं डिस्पोजल मशीनें स्थापित करने का प्रस्ताव उच्च शिक्षा संचालनालय को भेजा गया है।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. जया तिवारी ने उच्च शिक्षा संचालनालय के अपर संचालक को भेजे गए प्रतिवेदन में कॉलेज की वर्तमान व्यवस्थाओं और भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी है। इसका उद्देश्य छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
60 साल पुराने भवन के पुनरुद्धार की तैयारी
प्राचार्य के अनुसार, महाविद्यालय का मुख्य भवन लगभग 60 वर्ष पुराना हो चुका है। लोक निर्माण विभाग (PWD) ने इसे डिस्मेंटल करने का प्रस्ताव दिया है। वहीं, कॉलेज प्रशासन ने पूरे महाविद्यालय के व्यापक रिनोवेशन के लिए उच्च शिक्षा संचालनालय को विशेष प्रस्ताव भेजा है।
इस पहल से कॉलेज परिसर की आधारभूत संरचना को बेहतर बनाने और छात्राओं के लिए सुविधाजनक वातावरण तैयार करने की दिशा में काम किया जा रहा है।
छात्राओं के लिए तीन नई वेंडिंग और डिस्पोजल मशीनें
छात्राओं की दैनिक जरूरतों और स्वच्छता एवं हाइजीन को ध्यान में रखते हुए कॉलेज प्रशासन नई सुविधाएं विकसित कर रहा है। परिसर में पेयजल के लिए 7 वाटर कूलर लगाए गए हैं। इनमें से एक खराब वाटर कूलर की मरम्मत कराई जा रही है।
स्वच्छता के मानकों को ध्यान में रखते हुए वाटर कूलर के पास गिलास नहीं रखे गए हैं। इसके अलावा, पुरानी सेनेटरी वेंडिंग मशीन अनुपयोगी होने के बाद महिला एवं बाल विकास विभाग, रायपुर के समन्वय से तीन नई वेंडिंग और डिस्पोजल मशीनें जल्द स्थापित करने की योजना है।
कक्षाओं में पंखे, लाइट और साफ-सफाई की व्यवस्था
महाविद्यालय प्रशासन के अनुसार, छात्राओं की पढ़ाई के लिए सभी कक्षाओं में पर्याप्त पंखे और ट्यूब लाइट उपलब्ध हैं। तकनीकी खराबी आने पर उन्हें तत्काल दुरुस्त कराया जाता है।
कॉलेज में पर्याप्त संख्या में शौचालय उपलब्ध हैं। कक्षाओं और शौचालयों की नियमित साफ-सफाई के लिए सफाई कर्मचारियों की तैनाती की गई है, ताकि परिसर में स्वच्छ और अनुकूल वातावरण बना रहे।
60 हजार से अधिक पुस्तकों से समृद्ध है ग्रंथालय
छात्राओं की शैक्षणिक जरूरतों को पूरा करने के लिए महाविद्यालय का ग्रंथालय भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। यहां 60 हजार से अधिक पुस्तकें उपलब्ध हैं। ग्रंथालय में आधुनिक SOVL 2.0 सॉफ्टवेयर और OPEC सुविधा भी है। इसके साथ ही छात्राओं के बैठकर अध्ययन करने के लिए समुचित व्यवस्था की गई है।
कॉलेज प्रशासन का कहना है कि छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक वातावरण, स्वच्छता और आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए संस्थान प्रतिबद्ध है। भवन के पुनरुद्धार और नई सुविधाओं से जुड़े प्रस्तावों के माध्यम से महाविद्यालय में व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने का प्रयास किया जा रहा है।


