रायपुर, 28 सितंबर 2026
राजधानी रायपुर में सोमवार को गणेश झांकी समारोह आयोजित होगा। झांकी को देखते हुए शहर में शाम 6 बजे से यातायात व्यवस्था में बदलाव किया जाएगा। यातायात पुलिस के अनुसार, शारदा चौक से महादेव घाट विसर्जन स्थल तक झांकी मार्ग पर सभी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। इस मार्ग पर केवल झांकी और पैदल श्रद्धालुओं को प्रवेश की अनुमति होगी।
DCP ट्रैफिक अर्चना झा के अनुसार, टाटीबंध, भनपुरी, तेलीबांधा और पचपेड़ी नाका की ओर से आने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं। वहीं शास्त्री चौक, जयस्तंभ चौक, कोतवाली, पुरानी बस्ती और कंकालीपारा सहित कई मार्गों पर यातायात प्रतिबंधित रहेगा।
श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए पार्किंग व्यवस्था
गणेश झांकी में शामिल होने रायपुर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए विभिन्न स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। इनमें मल्टीलेवल पार्किंग, रजबंधा मैदान, शास्त्री मार्केट, सीरत मैदान, सप्रे शाला मैदान, इंडोर स्टेडियम, गांधी मैदान, भैंसथान मैदान, जवाहर मार्केट और हिंद स्पोर्ट्स मैदान शामिल हैं।
यातायात पुलिस ने नागरिकों से निर्धारित डायवर्सन और पार्किंग व्यवस्था का पालन करने तथा प्रतिबंधित मार्गों पर वाहन नहीं ले जाने की अपील की है।
जर्जर भवनों को तीन दिन बंद रखने की अपील
झांकी समारोह के दौरान बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए निगम प्रशासन ने जर्जर भवनों के संबंध में विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। भवन मालिकों से कहा गया है कि झांकी से एक दिन पहले, झांकी वाले दिन और एक दिन बाद, यानी कुल तीन दिन जर्जर भवनों को बंद रखें और इस दौरान किसी अन्य स्थान पर रहें।
निगम प्रशासन के अनुसार, इस व्यवस्था का उद्देश्य जर्जर भवनों से संभावित दुर्घटना और जनहानि को रोकना है। भवन मालिकों से शहर हित में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई है।


