रायपुर, 20 जुलाई 2026

राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि शिक्षा के साथ संस्कारों का समावेश ही समृद्ध और विकसित छत्तीसगढ़ की सच्ची नींव है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार गुणवत्तापूर्ण, आधुनिक और संस्कारयुक्त शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है, ताकि नई पीढ़ी अपनी संस्कृति से जुड़कर जिम्मेदार नागरिक बन सके।

रायपुर जिले के तिल्दा विकासखंड स्थित शासकीय बीएनबी हायर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित विकासखंड स्तरीय शालेय प्रवेश उत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए मंत्री वर्मा ने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020, नैतिक मूल्यों और अनुशासित जीवन के महत्व से अवगत कराया। इस दौरान विद्यालयों में प्रार्थना, सरस्वती वंदना और श्लोक के माध्यम से भारतीय संस्कृति से जुड़ने का संदेश भी दिया गया।

मंत्री वर्मा ने पूर्व राष्ट्रपति डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि बड़े सपने और दृढ़ संकल्प ही सफलता की वास्तविक आधारशिला हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘संकल्प से सिद्धि’ मंत्र को दोहराते हुए विद्यार्थियों से अपने लक्ष्य तय कर निरंतर मेहनत करने का आह्वान किया।

उन्होंने स्वामी विवेकानंद के प्रेरक संदेश “उठो, जागो और तब तक मत रुको जब तक लक्ष्य हासिल न हो जाए” का उल्लेख करते हुए कहा कि सकारात्मक दृष्टिकोण जीवन की दिशा बदल देता है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि किसी भी कार्य का महत्व व्यक्ति की सोच पर निर्भर करता है और विद्यार्थियों को अपनी पढ़ाई को समाज व राष्ट्र निर्माण से जोड़कर देखना चाहिए।

राजस्व मंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत राज्य में शिक्षा को भारतीय ज्ञान परंपरा, वेद, शास्त्र, रामायण और सांस्कृतिक धरोहर से जोड़ा जा रहा है। इसका उद्देश्य बच्चों में नैतिक मूल्य, अनुशासन, विनम्रता और बड़ों के प्रति सम्मान की भावना विकसित करना है।

इस अवसर पर मंत्री वर्मा ने बलौदाबाजार विधानसभा क्षेत्र के 11 विद्यालयों में अतिरिक्त कक्षों के निर्माण के लिए 3 करोड़ रुपये की स्वीकृति की घोषणा की। उन्होंने बताया कि विद्यालयों में बाउंड्री वॉल, शौचालय, शुद्ध पेयजल, विद्युत व्यवस्था और बैठक व्यवस्था जैसी मूलभूत सुविधाओं का विकास प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है। साथ ही बीएनबी हायर सेकेंडरी स्कूल परिसर में विद्यार्थियों के सांस्कृतिक एवं बौद्धिक विकास के लिए आधुनिक रंगमंच के निर्माण को भी मंजूरी दी गई।

मंत्री वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार महतारी वंदन योजना, कृषक उन्नति योजना और अधोसंरचना विकास के माध्यम से प्रदेश को नई दिशा दे रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2047 तक छत्तीसगढ़ देश का सबसे समृद्ध और सशक्त राज्य बनकर उभरेगा।

कार्यक्रम के अंत में नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर और मिठाई खिलाकर स्वागत किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts