रायपुर, 3 अक्टूबर 2026

उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने कवर्धा स्थित अपने निवास कार्यालय में जूनियर महिला एशिया कप-2026 की विजेता भारतीय हॉकी टीम की सदस्य गीता यादव से मुलाकात की। उन्होंने गीता को शानदार उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि कवर्धा की बेटी गीता यादव ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश और प्रदेश का मान बढ़ाया है। इस दौरान उन्होंने गीता की खेल यात्रा, अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के अनुभव, प्रशिक्षण और भविष्य के लक्ष्यों को लेकर विस्तार से चर्चा की।

कबीरधाम जिले के बोड़ला की रहने वाली गीता यादव ने चीन के मोकी में आयोजित एएचएफ महिला जूनियर एशिया कप-2026 में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया। भारतीय टीम ने 13 सितंबर को खेले गए फाइनल मुकाबले में मेजबान चीन को 1-0 से हराकर खिताब अपने नाम किया। इस जीत के साथ भारत ने लगातार तीसरी बार महिला जूनियर एशिया कप का खिताब जीता और एफआईएच जूनियर महिला विश्व कप के लिए भी क्वालीफाई किया।

टूर्नामेंट में मिडफील्डर के रूप में खेलीं गीता ने अपनी प्रतिभा का प्रभाव छोड़ा। उन्होंने प्रतियोगिता में कुल चार गोल किए। मलेशिया के खिलाफ भारत की 11-1 की जीत में गीता ने दो गोल किए, जबकि जापान के खिलाफ 7-0 की जीत में भी उन्होंने दो गोल दागे।

उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने गीता की उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि किसान परिवार से निकलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करना कड़ी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का परिणाम है। उन्होंने कहा कि गीता की सफलता क्षेत्र की नई पीढ़ी और विशेषकर खेलों में आगे बढ़ने का सपना देख रही बेटियों के लिए प्रेरणादायी है।

मुलाकात के दौरान कवर्धा में खेल एवं खिलाड़ियों के प्रोत्साहन, स्थानीय प्रतिभाओं को बेहतर प्रशिक्षण और सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा क्षेत्र में खेलों की संभावनाओं के विस्तार को लेकर भी चर्चा हुई। श्री शर्मा ने गीता से खिलाड़ियों की जरूरतों और उनके अनुभवों की जानकारी ली।

बोड़ला से भारतीय टीम तक का सफर: गीता ने हॉकी की शुरुआती शिक्षा कोच शिवा चौहान से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने बिलासपुर स्थित खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में प्रशिक्षण लेकर अपने खेल को निखारा। बेहतर प्रदर्शन के दम पर वह राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचीं और बाद में टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम (TOPS) से भी जुड़ीं।

गीता ने वर्ष 2024 में नीदरलैंड और बेल्जियम दौरे से अपने अंतरराष्ट्रीय सफर की शुरुआत की। इसके बाद वह अर्जेंटीना तथा इंग्लैंड-स्कॉटलैंड दौरों में भी भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। मुलाकात के दौरान उन्होंने अपनी खेल यात्रा के अनुभव साझा किए। उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने उन्हें भविष्य में भी इसी समर्पण के साथ आगे बढ़ते हुए देश और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करने की शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts