रायपुर,27 सितम्बर 2026

रायपुर के पास सारागांव में कोल्हान नाले के तेज बहाव में 70 यात्रियों से भरी बस फंस गई। बस रायपुर से बलौदाबाजार जा रही थी। मौके पर तैनात पुलिस ने सतर्कता दिखाते हुए सभी 70 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के मुताबिक, शनिवार को कोल्हान नाले में पानी का बहाव काफी तेज था। सुरक्षा को देखते हुए पुलिस टीम वाहनों को नाले की ओर जाने से रोक रही थी। इसी दौरान जय अंबे की बस वहां पहुंची। यात्रियों ने भी चालक को आगे जाने से मना किया, लेकिन चालक ने बस आगे बढ़ा दी।

इसी बीच सामने से आ रहे ट्रकों को रास्ता देने के लिए बस को साइड करना पड़ा। तभी तेज बहाव में बस फंस गई, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। कुछ यात्री घबराकर खिड़कियों से बाहर निकलने की तैयारी करने लगे।

पुलिस और ग्रामीणों ने किया रेस्क्यू

बस के फंसने की सूचना मिलते ही पुलिसकर्मी और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने का अभियान शुरू किया। बस की दाईं ओर की खिड़कियों से एक-एक कर यात्रियों को बाहर निकाला गया।

रेस्क्यू अभियान में ग्रामीणों ने भी पुलिस का सहयोग किया। सभी 70 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इसके बाद बस को भी पानी के बहाव से बाहर निकाल लिया गया।

चालक हिरासत में, दस्तावेजों की जांच

पुलिस ने बस चालक को हिरासत में ले लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है कि मौके पर चेतावनी दिए जाने के बावजूद उसने बस को तेज बहाव में आगे क्यों बढ़ाया।

पुलिस ने बस के परमिट, ड्राइविंग लाइसेंस समेत अन्य दस्तावेजों की भी जांच की है। मामले में आगे की कार्रवाई और जांच जारी है।

सीएसपी विधानसभा वीरेंद्र चतुर्वेदी ने बताया कि नाले में पानी का बहाव बढ़ा हुआ था और मौके पर मौजूद पुलिस टीम वाहनों को आगे जाने से रोक रही थी। इसके बावजूद बस आगे बढ़ी और ट्रकों को साइड देने के दौरान पानी के बहाव में फंस गई। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए यात्रियों को खिड़कियों के रास्ते बाहर निकाला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts