रायपुर, 27 सितम्बर 2026

प्रधानमंत्री आवास योजना जशपुर जिले के हजारों परिवारों के लिए सुरक्षा, सम्मान और स्थायित्व का आधार बनी है। कभी कच्चे मकानों, कमजोर दीवारों और बरसात में टपकती छत के बीच जीवन गुजारने वाले परिवार अब पक्के और सुरक्षित घरों में बेहतर जीवन जी रहे हैं।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में योजना के प्रभावी क्रियान्वयन से जिले में अब तक 1 लाख 12 हजार 948 आवास स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें 96 हजार 801 आवास पूर्ण हो चुके हैं। आवास के साथ बिजली, स्वच्छ पेयजल, शौचालय और एलपीजी जैसी बुनियादी सुविधाओं से परिवारों को जोड़ने का भी प्रयास किया जा रहा है।

पीएम जनमन से पहाड़ी कोरवा परिवारों को मिला सुरक्षित आशियाना

जशपुर के विशेष पिछड़ी जनजाति परिवारों तक आवास और बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने में प्रधानमंत्री जनजातीय आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम जनमन) महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। वर्ष 2023 से 2025 तक जिले में पीएम जनमन के तहत 2,100 आवास स्वीकृत किए गए, जिनमें 1,614 से अधिक आवास पूर्ण हो चुके हैं।

इससे विशेष पिछड़ी जनजाति पहाड़ी कोरवा परिवारों को सुरक्षित पक्के आवास का लाभ मिला है। पीएम जनमन के माध्यम से आवास के साथ स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण, पेयजल, सड़क, दूरसंचार कनेक्टिविटी और आजीविका जैसी सुविधाओं तक पहुंच सुनिश्चित करने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।

आवास प्लस 2.0 से छूटे परिवारों तक पहुंचेगा लाभ

कोई भी पात्र परिवार पक्के आवास की सुविधा से वंचित न रहे, इसके लिए आवास प्लस 2.0 के तहत जिले में पूर्व में छूटे परिवारों का पुनः सर्वेक्षण किया गया है। इसके अंतर्गत 1 लाख 2 हजार 371 परिवारों का सर्वेक्षण किया गया है।

सर्वेक्षण के बाद निर्धारित पात्रता के आधार पर परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना सहित संबंधित योजनाओं का लाभ देने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। इससे पूर्व में योजना से छूटे जरूरतमंद परिवारों तक भी पक्के आवास का लाभ पहुंचने की उम्मीद मजबूत हुई है।

एक पक्का घर, बेहतर भविष्य की मजबूत नींव

जशपुर में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत हो रहा बदलाव केवल मकानों के निर्माण तक सीमित नहीं है। पक्की छत ने परिवारों को मौसम की चिंता से राहत, बच्चों को बेहतर वातावरण और परिवार को सुरक्षा एवं सम्मान दिया है।

सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत ‘सेवा मेरा योगदान’ की भावना के साथ जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के प्रयासों के बीच जशपुर के हजारों पक्के आवास बदलाव की सशक्त तस्वीर प्रस्तुत कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts