सूरजपुर,2 अक्टूबर 2026
छत्तीसगढ़ में गांजा तस्करी के खिलाफ पुलिस ने सूरजपुर और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में बड़ी कार्रवाई की है। दोनों जिलों में हुई अलग-अलग कार्रवाइयों में पुलिस ने कुल करीब 341 किलो गांजा जब्त किया है। जब्त गांजे की कीमत करोड़ों रुपये बताई गई है।
सूरजपुर जिले के चंदौरा थाना क्षेत्र में घाट पेंडारी के पास ट्रक पलटने के बाद पुलिस ने 238 किलो 290 ग्राम गांजा बरामद किया। इसकी अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 19 लाख रुपये है। पुलिस ने मामले में ट्रक चालक सुनील कुमार (32) को गिरफ्तार किया है, जो उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ का रहने वाला है।
जानकारी के मुताबिक, 30 सितंबर को अंबिकापुर-बनारस स्टेट हाईवे पर घाट पेंडारी के मुख्य घाट में ट्रक क्रमांक UP 13 T 5497 पलट गया था। ट्रक में प्लास्टिक दाना लदा हुआ था। हादसे के बाद ड्राइवर ने कुछ संदिग्ध बोरियों को अलग कर तिरपाल से ढंक दिया। लोगों को शक होने पर पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास तलाशी ली तो 9 बोरियों में 238 किलो 290 ग्राम गांजा मिला। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि गांजा ओडिशा से प्लास्टिक दाने के साथ लखनऊ ले जाया जा रहा था। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश और मामले की आगे जांच कर रही है।
वहीं, सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में पुलिस और एएनटीएफ ने दो अलग-अलग मामलों में 103.11 किलो गांजा जब्त किया।
भटगांव थाना क्षेत्र में वाहन जांच के दौरान पुलिस ने एक कार का पीछा कर उसे पकड़ा। कार के पीछे ‘एडवोकेट हाईकोर्ट’ लिखा हुआ था। तलाशी में दो वाहनों से चार प्लास्टिक बोरियों में 63.350 किलो गांजा बरामद हुआ। मामले में कई आरोपियों के साथ एक नाबालिग को भी पकड़ा गया है, जबकि एक आरोपी फरार बताया गया है। पुलिस ने गांजे के अलावा दो कार और सात मोबाइल फोन समेत करीब 44.55 लाख रुपये का सामान जब्त किया है।
इसी जिले के बेलादुला चौकी क्षेत्र में पुलिस और एएनटीएफ की टीम ने तेंदूदरहा के पास एक आयशर वाहन को रोककर तलाशी ली। वाहन में रखी लोहे की अलमारी के अंदर छिपाकर रखे 35 पैकेटों से 39.76 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मामले में अनुज कुमार गौतम और टिंकू वर्मा को गिरफ्तार किया है। दोनों उत्तर प्रदेश के जौनपुर के रहने वाले हैं।
पुलिस के मुताबिक, गांजा ओडिशा के बलांगीर से उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा था। इस कार्रवाई में आयशर वाहन, करीब 10 टन लोहे की चादर और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 45.20 लाख रुपये बताई गई है।
सारंगढ़-बिलाईगढ़ पुलिस ने दोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट और BNS के तहत कार्रवाई की है। गिरफ्तार आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस दोनों मामलों में आगे की जांच कर रही है।


