जांजगीर-चाम्पा, 2 अक्टूबर 2026
राज्य सरकार ने शिवरीनारायण-खैरताल मार्ग के मजबूतीकरण एवं पुल-पुलिया निर्माण के लिए 22 करोड़ 8 लाख 59 हजार रुपये की शासकीय स्वीकृति प्रदान की है। करीब 11.70 किलोमीटर लंबे मार्ग के निर्माण एवं मजबूतीकरण से क्षेत्र में आवागमन की सुविधाएं बेहतर होंगी।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही सड़क निर्माण की मांग को पूरा करते हुए इस महत्वपूर्ण कार्य को स्वीकृति दी गई है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क अधोसंरचना मजबूत होगी और लोगों को सुगम, सुरक्षित एवं सुविधाजनक आवागमन की सुविधा मिलेगी।
मार्ग के मजबूतीकरण के साथ पुल-पुलिया का निर्माण भी किया जाएगा। इससे ग्रामीणों, किसानों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। साथ ही व्यापारिक गतिविधियों, कृषि उपज के परिवहन और सामाजिक-आर्थिक संपर्क को भी बढ़ावा मिलेगा।
बेहतर सड़क सुविधा से ग्रामीण क्षेत्रों का जिला मुख्यालय और प्रमुख बाजारों से संपर्क अधिक सुगम हो सकेगा। जिले के प्रभारी मंत्री एवं वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी के मार्गदर्शन एवं प्रयासों से क्षेत्र में सड़क और अधोसंरचना विकास के कार्यों को गति मिली है।
वहीं, लोक निर्माण मंत्री अरुण साव के मार्गदर्शन में राज्य सरकार सड़क, पुल और पुलिया जैसी मूलभूत अधोसंरचना के विकास पर विशेष ध्यान दे रही है। इस सड़क कार्य की स्वीकृति से क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होने के साथ क्षेत्र के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।


