आरंग,2 अक्टूबर 2026

रायपुर जिले के मंदिर हसौद थाना क्षेत्र में मवेशी तस्करी का मामला सामने आया है। नेशनल हाईवे-53 से लगे उमरिया धान खरीदी केंद्र के पास पुलिस ने एक संदिग्ध मालवाहक वाहन से 15 भैंसें बरामद कीं। वाहन में क्षमता से अधिक मवेशियों को ठूंस-ठूंसकर भरा गया था। इनमें से 13 भैंसों की मौत हो चुकी थी, जबकि दो मवेशी जीवित मिले। वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

लावारिस हालत में मिला मालवाहक वाहन

जानकारी के अनुसार, MP 07 GA 9910 नंबर का मालवाहक वाहन काफी समय से उमरिया धान खरीदी केंद्र के पास संदिग्ध हालत में खड़ा था। स्थानीय ग्रामीणों को वाहन पर संदेह हुआ, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलने पर मंदिर हसौद पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन की जांच की। अंदर बड़ी संख्या में भैंसें ठूंसकर भरी मिलीं। इनमें 13 मवेशियों की मौत हो चुकी थी, जबकि दो जीवित पाए गए। पुलिस के पहुंचने से पहले ही चालक वाहन छोड़कर फरार हो चुका था।

बड़े मवेशी तस्करी गिरोह से जुड़े होने की आशंका

प्रारंभिक जांच में पुलिस को मामले के तार किसी बड़े मवेशी तस्करी गिरोह से जुड़े होने की आशंका है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वाहन कहां से आया था, मवेशियों को कहां ले जाया जा रहा था और वाहन को धान खरीदी केंद्र के पास क्यों छोड़ा गया।

मंदिर हसौद थाना प्रभारी आशीष यादव के अनुसार, पशु चिकित्सा विभाग को सूचना दे दी गई है। सभी मृत मवेशियों का नियमानुसार पोस्टमार्टम कराया जा रहा है, ताकि मौत के सटीक कारणों की आधिकारिक पुष्टि हो सके। पुलिस फरार चालक और वाहन मालिक की तलाश कर रही है।

हाईवे पेट्रोलिंग और निगरानी व्यवस्था पर उठे सवाल

नेशनल हाईवे-53 जैसे व्यस्त मार्ग पर इस तरह मवेशियों के परिवहन का मामला सामने आने के बाद हाईवे पेट्रोलिंग और निगरानी व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। घटना को लेकर स्थानीय नागरिकों और पशु प्रेमियों में नाराजगी है।

फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार सीसीटीवी फुटेज और वाहन पंजीयन नंबर के आधार पर चालक और अन्य संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts