रायपुर, 2 अक्टूबर 2026
उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री अरुण साव ने बिलासपुर के बहतराई स्थित खेलो इंडिया उत्कृष्टता केंद्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाने वाले खिलाड़ियों का सम्मान किया। इस दौरान एशियन गेम्स-2026 की कबड्डी स्वर्ण पदक विजेता संजू देवी तथा जूनियर हॉकी एशिया कप-2026 की स्वर्ण पदक विजेता मधु सिदार और गीता यादव को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय द्वारा संजू देवी के लिए पूर्व में घोषित 51 लाख रुपए की सम्मान राशि का चेक सौंपा गया। वहीं मधु सिदार और गीता यादव के लिए 11 लाख 12 हजार रुपए प्रत्येक के विशेष सहायता पैकेज की घोषणा की गई। इसमें से दोनों खिलाड़ियों को तत्काल 2-2 लाख रुपए की एकमुश्त सहायता के चेक प्रदान किए गए।
उप मुख्यमंत्री ने तीनों खिलाड़ियों को शाल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। खिलाड़ियों की सफलता में परिवार के योगदान को देखते हुए उनके परिजनों को भी शाल और श्रीफल भेंट किए गए।
21 अक्टूबर से होगी पुरुष हॉकी लीग
उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार खेल और खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए लगातार नई पहल कर रही है। इसी क्रम में प्रदेश में 21 अक्टूबर से 1 नवंबर तक पुरुष हॉकी लीग का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ देश का पहला राज्य होगा, जो इस तरह की हॉकी लीग का आयोजन करेगा।
हॉकी लीग की टैगलाइन ‘चलव रे संगी हॉकी खेलबो’ रखी गई है। प्रतियोगिता में छह टीमें हिस्सा लेंगी, जिनका नामकरण छत्तीसगढ़ की संस्कृति और पहचान के अनुरूप किया गया है।
खिलाड़ियों की मेहनत को सराहा
श्री साव ने कहा कि बहतराई खेलो इंडिया उत्कृष्टता केंद्र में प्रशिक्षण लेकर इन खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल की है। चीन और जापान में स्वर्ण पदक जीतना बड़ी उपलब्धि है, जिसके पीछे वर्षों की मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प है।
उन्होंने कहा कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं है, बल्कि इससे स्वास्थ्य, आत्मविश्वास, धैर्य और अनुशासन विकसित होता है। खेल खिलाड़ियों को कठिन परिस्थितियों में संघर्ष करने और आगे बढ़ने की सीख देता है।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा खेल अलंकरण, स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव, बस्तर ओलंपिक और सरगुजा ओलंपिक जैसे आयोजनों के जरिए खेलों के लिए सकारात्मक वातावरण तैयार किया जा रहा है। राज्य के बजट में मुख्यमंत्री उत्कर्ष योजना के लिए 100 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। इससे प्रशिक्षकों के साथ खेल अधोसंरचना और अन्य सुविधाओं को मजबूत किया जाएगा।
श्री साव ने खिलाड़ियों से कहा कि वे निरंतर अपने खेल में सुधार करें और चयन नहीं होने पर निराश न हों। उन्होंने कहा कि खिलाड़ी की सबसे बड़ी प्रतिस्पर्धा स्वयं से होती है और हर दिन खुद को बेहतर बनाने का प्रयास करना चाहिए।
बहतराई में बढ़ेंगी खेल सुविधाएं
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे बेलतरा विधायक श्री सुशांत शुक्ला ने बहतराई जिला खेल परिसर में खेल सुविधाओं के विस्तार की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि करीब 6 करोड़ रुपए की लागत से विभिन्न खेल मैदानों, हाई मास्ट लाइट सहित अन्य सुविधाओं का विकास किया जा रहा है।
इसके अलावा करीब 3 करोड़ रुपए की लागत से वातानुकूलन सहित आवश्यक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। बेलतरा विधानसभा क्षेत्र में लगभग 16 करोड़ रुपए की लागत से खेल अधोसंरचना विकसित करने की योजना है, जिसका जल्द भूमिपूजन किया जाएगा।
इस अवसर पर राज्य हॉकी संघ के अध्यक्ष मनीष श्रीवास्तव, प्रदेश कबड्डी संघ के महासचिव प्रदीप यादव, कलेक्टर संजय अग्रवाल, नगर निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संदीप अग्रवाल सहित विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारी, प्रशिक्षक, खिलाड़ी और खेलप्रेमी मौजूद रहे।


