रायपुर, 6 अक्टूबर 2026
छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के पंडित चक्रपाणी शुक्ल हाई स्कूल मैदान में 3 से 6 अक्टूबर तक आयोजित 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का मंगलवार को रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ भव्य समापन हुआ।
समापन समारोह में पांचों शैक्षणिक संभागों के खिलाड़ियों ने बैंड की धुन पर आकर्षक मार्च पास्ट किया। मुख्य अतिथि स्कूल शिक्षा मंत्री श्री गजेंद्र यादव ने ध्वज अवरोहण कर प्रतियोगिता के समापन की विधिवत घोषणा की और विभिन्न खेल विधाओं के विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत एवं सम्मानित किया।
प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए रायपुर संभाग ने ओवरऑल चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया। इस दौरान स्कूल शिक्षा मंत्री श्री गजेंद्र यादव ने बलौदाबाजार में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) खोलने की घोषणा भी की।
खेलों से बढ़ती है सांस्कृतिक समझ
खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए स्कूल शिक्षा मंत्री श्री गजेंद्र यादव ने कहा कि खेलों से बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास के साथ विभिन्न संस्कृतियों, खान-पान और रहन-सहन को समझने का अवसर मिलता है।
उन्होंने कहा कि 22 जुलाई से 31 अक्टूबर तक चलने वाली इस स्पर्धा का उद्देश्य बच्चों को अलग-अलग जिलों की संस्कृति से रूबरू कराना है। उन्होंने खिलाड़ियों को हार-जीत से सीख लेने की सलाह देते हुए कहा कि हार से निराश होने के बजाय अपनी कमियों को पहचानकर उन्हें दूर करने का प्रयास करना चाहिए।
मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा राष्ट्रीय खेल में शामिल किए गए ‘कुराश’ खेल का आयोजन भी इसी प्रतियोगिता के तहत बलौदाबाजार में किया गया है।
रग्बी और नेटबॉल में रायपुर का दबदबा
रग्बी 14 वर्ष बालक और बालिका दोनों वर्गों में रायपुर संभाग प्रथम, बस्तर द्वितीय और दुर्ग संभाग तृतीय स्थान पर रहा।
नेटबॉल 19 वर्ष बालक और बालिका दोनों वर्गों में भी रायपुर संभाग ने प्रथम स्थान हासिल किया। बिलासपुर संभाग दूसरे और दुर्ग संभाग तीसरे स्थान पर रहा।
कुराश प्रतियोगिता के प्रमुख परिणाम
14 वर्ष बालक वर्ग: दुर्ग प्रथम, सरगुजा द्वितीय और रायपुर तृतीय।
14 वर्ष बालिका वर्ग: रायपुर प्रथम, बिलासपुर द्वितीय और दुर्ग तृतीय।
17 वर्ष बालक वर्ग: रायपुर प्रथम, सरगुजा द्वितीय और दुर्ग तृतीय।
17 वर्ष बालिका वर्ग: दुर्ग प्रथम, बिलासपुर द्वितीय और रायपुर तृतीय।
19 वर्ष बालक वर्ग: रायपुर प्रथम, सरगुजा द्वितीय और दुर्ग तृतीय।
19 वर्ष बालिका वर्ग: बिलासपुर प्रथम, दुर्ग द्वितीय और रायपुर तृतीय स्थान पर रहा।
समापन समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल, पूर्व विधायक डॉ. सनम जांगड़े, भारत स्काउट गाइड के राज्य उपाध्यक्ष विजय केशरवानी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष पवन साहू, कलेक्टर, एसपी, आनंद यादव, राकेश ध्रुव सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी और बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे।


