रायपुर, 27 नवंबर 2026
छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थल गढ़फुलझर को आस्था, अध्यात्म, सेवा और सामाजिक समरसता के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नानकसागर के विकास के लिए एक करोड़ रुपये देने की घोषणा की है। इसके साथ ही क्षेत्र में सर्वसुविधायुक्त अंबेडकर भवन और सार्वजनिक उद्यान का निर्माण भी कराया जाएगा।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय शुक्रवार को बसना विकासखंड के गढ़फुलझर स्थित ऐतिहासिक नानक सागर साहिब गुरुद्वारे में सिख समाज द्वारा आयोजित विशेष कीर्तन समागम में शामिल हुए। उन्होंने गुरुद्वारे में मत्था टेककर प्रदेशवासियों की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली के लिए अरदास की तथा श्रद्धापूर्वक शबद कीर्तन का श्रवण किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु नानक देव जी की पावन स्मृतियों से जुड़ा गढ़फुलझर छत्तीसगढ़ की अनमोल आध्यात्मिक और ऐतिहासिक धरोहर है। लगभग पांच शताब्दी पूर्व गुरु नानक देव जी के इस धरती पर आगमन की स्मृतियां आज भी इस क्षेत्र की पहचान का अभिन्न हिस्सा हैं। तत्कालीन राजा भैंना द्वारा पांच एकड़ भूमि दान किए जाने का प्रसंग यहां की उदारता, श्रद्धा और सद्भाव की गौरवशाली परंपरा को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि गढ़फुलझर केवल धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि विभिन्न समाजों की साझा आस्था और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक है। सिख समाज, कोलता समाज और आदिवासी समाज सहित सभी समुदायों की भावनाएं इस स्थल से जुड़ी हैं। सरकार का प्रयास है कि गढ़फुलझर को ऐसे पवित्र धाम के रूप में विकसित किया जाए, जहां आध्यात्मिक शांति के साथ सामाजिक सद्भाव और मानवीय मूल्यों का संदेश भी प्रसारित हो।
नानकसागर के विकास के लिए एक करोड़ रुपये की घोषणा
मुख्यमंत्री श्री साय ने नानकसागर के विकास के लिए एक करोड़ रुपये प्रदान करने की घोषणा की। इसके अलावा क्षेत्र में सर्वसुविधायुक्त अंबेडकर भवन और सार्वजनिक उद्यान का निर्माण कराने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि इन सुविधाओं से धार्मिक, सामाजिक और सार्वजनिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही गढ़फुलझर की पहचान एक महत्वपूर्ण आध्यात्मिक एवं पर्यटन केंद्र के रूप में मजबूत होगी।
गुरु नानक देव जी का संदेश मानवता के लिए प्रेरणास्रोत
मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु नानक देव जी ने संपूर्ण मानवता को प्रेम, करुणा, समानता, परिश्रम और सेवा का मार्ग दिखाया। उनका संदेश किसी एक समाज या समुदाय तक सीमित नहीं, बल्कि समूची मानवता के कल्याण का संदेश है। ‘सरबत दा भला’ की भावना सभी के सुख, समृद्धि और कल्याण के लिए कार्य करने की प्रेरणा देती है।
उन्होंने सिख समाज की सेवा भावना और परोपकार की परंपरा की सराहना करते हुए कहा कि गुरुद्वारों में संचालित लंगर सेवा सामाजिक समानता और मानवीय एकता का अनुपम उदाहरण है। यहां जाति, धर्म, ऊंच-नीच और आर्थिक स्थिति का कोई भेदभाव नहीं होता। सभी लोग एक पंगत में बैठकर भोजन करते हैं। यही गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं का वास्तविक स्वरूप है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास की भावना के अनुरूप समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए काम कर रही है। विकास का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचे और प्रदेश में शांति, सद्भाव एवं समृद्धि का वातावरण बना रहे, यही सरकार का संकल्प है।
गढ़फुलझर की ऐतिहासिक विरासत को मिलेगी नई पहचान
कार्यक्रम में बसना विधायक संपत अग्रवाल ने कहा कि गढ़फुलझर का ऐतिहासिक और आध्यात्मिक महत्व अत्यंत गौरवशाली है। लगभग 500 वर्ष पूर्व गुरु नानक देव जी के यहां आगमन और प्रवास की स्मृतियां इस स्थल को विशेष महत्व प्रदान करती हैं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा की गई घोषणाओं से नानकसागर और गढ़फुलझर के विकास को गति मिलेगी। इससे धार्मिक पर्यटन को प्रोत्साहन मिलने के साथ इस ऐतिहासिक स्थल की पहचान प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर भी व्यापक होगी।
इस अवसर पर जत्थेदार बाबा साहिब सिंह, राज्य आयुक्त इंद्रजीत सिंह खालसा, क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह सवन्नी, छत्तीसगढ़ राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष अमरजीत सिंह छाबड़ा सहित सिख समाज एवं विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।


