नई दिल्ली,28 नवम्बर 2026
देश की राजनीति और लोकसभा की तस्वीर आने वाले समय में पूरी तरह बदल सकती है। केंद्र सरकार के प्रस्तावित परिसीमन संशोधन विधेयक के तहत लोकसभा की मौजूदा 543 सीटें बढ़ाकर 816 किए जाने की तैयारी है। केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक इन्फोग्राफिक साझा कर परिसीमन के बाद लोकसभा की संभावित नई तस्वीर पेश की।
इस प्रस्ताव के अनुसार, लोकसभा सीटों में करीब 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी होगी। इसके साथ ही 2029 के लोकसभा चुनाव से महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का रास्ता भी साफ करने की तैयारी है।
उत्तर प्रदेश में होंगी सबसे ज्यादा 120 सीटें
प्रस्तावित परिसीमन के बाद उत्तर प्रदेश देश का सबसे बड़ा संसदीय राज्य बना रहेगा। यहां मौजूदा 80 सीटें बढ़कर 120 हो जाएंगी। महाराष्ट्र में 48 से बढ़कर 72, पश्चिम बंगाल में 42 से 63 और बिहार में 40 से बढ़कर 60 सीटें प्रस्तावित हैं।
अन्य राज्यों की संभावित सीटें इस प्रकार हैं:
- तमिलनाडु: 39 से बढ़कर 59
- मध्य प्रदेश: 29 से बढ़कर 43
- कर्नाटक: 28 से बढ़कर 42
- गुजरात: 26 से बढ़कर 39
- राजस्थान: 25 से बढ़कर 38
- आंध्र प्रदेश: 25 से बढ़कर 38
- ओडिशा: 21 से बढ़कर 31
- केरल: 20 से बढ़कर 30
- तेलंगाना: 17 से बढ़कर 26
- असम: 14 से बढ़कर 21
- दिल्ली: 7 से बढ़कर 11
- जम्मू-कश्मीर: 5 से बढ़कर 7
छोटे राज्यों और पूर्वोत्तर में भी बढ़ेंगी सीटें
परिसीमन के प्रस्ताव के तहत पूर्वोत्तर के राज्यों में भी लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाई जाएगी। अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर, मेघालय और त्रिपुरा में मौजूदा 2 सीटें बढ़कर 3-3 हो जाएंगी। वहीं नागालैंड, मिजोरम और सिक्किम में एक सीट से बढ़कर 2-2 सीटें हो जाएंगी।
केंद्र शासित प्रदेशों में चंडीगढ़ और पुडुचेरी की सीटें भी 1 से बढ़कर 2-2 करने का प्रस्ताव है। हालांकि लद्दाख, लक्षद्वीप, दादरा और नगर हवेली एवं दमन और दीव तथा अंडमान-निकोबार द्वीप समूह की सीटों में कोई बदलाव नहीं होगा।
क्या होगा परिसीमन का फॉर्मूला?
प्रस्तावित विधेयक के तहत लोकसभा की सीटों में 50 प्रतिशत तक बढ़ोतरी करने और सदन की अधिकतम क्षमता 850 सीटें करने का प्रावधान बताया गया है। संसदीय क्षेत्रों की सीमाएं 2011 की जनगणना के आधार पर नए सिरे से तय की जाएंगी। वहीं 2051 तक राज्यों के बीच सीटों का अनुपात 1971 की जनसंख्या के आधार पर सुरक्षित रखने की बात कही गई है, ताकि जनसंख्या नियंत्रण करने वाले राज्यों को प्रतिनिधित्व के मामले में नुकसान न हो।
महिला आरक्षण लागू करने की तैयारी
इस पूरी कवायद का एक प्रमुख उद्देश्य 2029 के आम चुनाव से पहले लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करना है। केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने इसे समावेशी लोकतंत्र और राष्ट्र निर्माण में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।
हालांकि, प्रस्तावित सीटों के आंकड़े और परिसीमन की प्रक्रिया विधायी तथा संवैधानिक प्रावधानों के अनुसार आगे बढ़ेगी। इसके लागू होने के बाद देश की संसदीय राजनीति और राज्यों के प्रतिनिधित्व की तस्वीर में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।


