अवैध मिट्टी-मुरुम उत्खनन पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, दो जेसीबी समेत कई मशीनें जब्त
बीजापुर जिला मुख्यालय में प्रशासन ने अवैध मिट्टी और मुरुम उत्खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो जेसीबी, दो टिप्पर और एक चैन माउंटिंग मशीन को जब्त किया है। खास बात यह रही कि खनिज विभाग ने यह कार्रवाई मीडिया से सूचना मिलने के बाद की, जिसके चलते विभाग की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार, वेंकटराव कॉलेज के पीछे लंबे समय से ठेकेदार द्वारा बिना विभागीय अनुमति और नियमों की अनदेखी करते हुए धड़ल्ले से मिट्टी और मुरुम की अवैध खुदाई की जा रही थी। उत्खनन कार्य में चैन माउंटिंग मशीन और दो जेसीबी मशीनों का इस्तेमाल किया जा रहा था। मीडिया द्वारा सूचना दिए जाने के बाद खनिज विभाग और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल कार्रवाई करते हुए अवैध उत्खनन कार्य बंद कराया।
प्रशासन ने मौके से दो जेसीबी, दो टिप्पर और एक चैन माउंटिंग मशीन को जब्त कर लिया है। साथ ही संबंधित ठेकेदार के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बीजापुर जिला मुख्यालय के आसपास कई स्थानों पर अवैध मिट्टी और मुरुम उत्खनन का खेल लंबे समय से जारी है। जिस स्थान पर कार्रवाई की गई, वह कलेक्टर कार्यालय से महज 500 मीटर की दूरी पर स्थित है। इसके बावजूद संबंधित विभागों को इसकी भनक नहीं लगना विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है।
बीजापुर एसडीएम जागेश्वर कौशल ने बताया कि मीडिया के माध्यम से सूचना मिलने के बाद राजस्व और खनिज विभाग की टीम मौके पर भेजी गई। अवैध उत्खनन कार्य को बंद कराते हुए मशीनों को जब्त किया गया है। मामले की जांच कर आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Hindi 












































































































































































































































































































































































































































































































































































































