मुंगेली में अवैध शराब कारोबार पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 9 आरोपी गिरफ्तार
13 मई 2026 | मुंगेली
छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले के जरहागांव क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। लगातार मिल रही शिकायतों और जनप्रतिनिधियों की चेतावनी के बाद पुलिस ने अलग-अलग ठिकानों पर दबिश देकर आरोपियों को पकड़ा। कार्रवाई के बाद सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया।
जनप्रतिनिधियों ने दी थी आंदोलन की चेतावनी
11 मई को क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने जरहागांव थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर अवैध शराब बिक्री पर तत्काल रोक लगाने की मांग की थी। ज्ञापन में कहा गया था कि अवैध शराब कारोबार के कारण क्षेत्र का सामाजिक माहौल बिगड़ रहा है और इसका महिलाओं व युवाओं पर नकारात्मक असर पड़ रहा है। साथ ही चेतावनी दी गई थी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो क्षेत्रवासी आंदोलन और विरोध प्रदर्शन करेंगे।
एसएसपी के निर्देश पर गठित हुई संयुक्त टीम
मामले को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा के मार्गदर्शन में थाना जरहागांव पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम बनाई गई। जांच के दौरान नगर पंचायत क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री की सूचना मिलने पर पुलिस ने कई स्थानों पर एक साथ दबिश दी।
इन आरोपियों की हुई गिरफ्तारी
गिरफ्तार आरोपियों में ओमप्रकाश कश्यप, सुमित कश्यप, दीपक साहू, दीनदयाल कश्यप, धर्मेंद्र कश्यप, लोरिक यादव, पुष्पेंद्र कुमार उर्फ सोनू साहू, विकास कश्यप और विनोद कश्यप शामिल हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ बीएनएसएस की धारा 170, 126 और 135(3) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है।

पुलिस ने लोगों से मांगी सहयोग की अपील
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि कहीं भी अवैध शराब बिक्री, नशाखोरी या अन्य गैरकानूनी गतिविधियों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। इस कार्रवाई के बाद जरहागांव क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है।
Hindi 













































































































































































































































































































































































































































































































































































































