जांजगीर-चांपा में रिश्तों का कत्ल, बेटे ने माता-पिता और 2 भतीजे-भतीजी की कुल्हाड़ी से हत्या की
14 मई 2026 | जांजगीर-चांपा
छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में एक ही परिवार के चार लोगों की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। जांजगीर-चांपा के शिवरीनारायण थाना क्षेत्र अंतर्गत भंवतरा गांव में बुजुर्ग दंपति और उनके पोते-पोतियों की हत्या किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि उनके अपने बेटे ने की थी। पुलिस ने मृतक दंपति के बेटे सोनसाय और उसके बेटे डाकेश्वर उर्फ गोलू को हिरासत में लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पारिवारिक संपत्ति विवाद के चलते इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया गया।
निर्माणाधीन मकान में मिले चार शव
पुलिस के अनुसार गुरुवार सुबह मजदूर जब निर्माणाधीन मकान में काम करने पहुंचे तो वहां चारपाई पर शव पड़े मिले। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतकों की पहचान 70 वर्षीय मेदनी प्रसाद कश्यप, उनकी पत्नी कांति बाई (65), पोते पीतांबर कश्यप (17) और पोती मोगरा (25) के रूप में हुई है।
पहले भी भाई की हत्या कर चुका था आरोपी
जांच में सामने आया कि आरोपी सोनसाय पहले भी अपने एक भाई की हत्या कर चुका था और उस मामले में 15 साल जेल की सजा काट चुका है। परिवार का दूसरा बेटा आत्महत्या कर चुका था। पुलिस के मुताबिक सोनसाय ने अपने बेटे डाकेश्वर के साथ मिलकर माता-पिता और अपने मृत भाइयों के बच्चों की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी, जब वे निर्माणाधीन मकान में सो रहे थे।
संपत्ति विवाद बना हत्या की वजह
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी पारिवारिक संपत्ति पर एकाधिकार चाहता था। इसी कारण उसने अन्य दावेदारों को रास्ते से हटाने के लिए यह खौफनाक कदम उठाया। पीतांबर अपने दिवंगत पिता का इकलौता बेटा था, जबकि मोगरा अपने पिता की इकलौती बेटी थी।
पुलिस जांच जारी
पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी है। हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी और अन्य साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं। गांव में इस घटना के बाद दहशत और शोक का माहौल है।
Hindi 






















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































