विधायक-नायब तहसीलदार विवाद में नया मोड़: MLA टोप्पो के दो समर्थकों ने किया सरेंडर, गिरफ्तारी की मांग पर अड़े तहसीलदार
अंबिकापुर , 3 जून 2026
सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो और नायब तहसीलदार तुषार मानिकपुरी के बीच हुए विवाद मामले में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। विधायक के दो समर्थक पंकज गुप्ता और नाजिम रजा ने बुधवार को सीतापुर थाने में सरेंडर कर दिया। वहीं प्रदेशभर के तहसीलदार अब भी विधायक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हड़ताल पर डटे हुए हैं।
जानकारी के अनुसार, कलेक्टर, एसपी और विधायक रामकुमार टोप्पो के बीच हुई लंबी चर्चा के बाद दोनों समर्थकों ने थाने पहुंचकर आत्मसमर्पण किया। साथ ही नायब तहसीलदार तुषार मानिकपुरी और एसडीएम फगेश सिन्हा को सीतापुर से हटाने पर भी सहमति बनी है।
मंत्री राजेश अग्रवाल की अपील
मामले को लेकर मंत्री राजेश अग्रवाल ने तहसीलदार संघ से हड़ताल समाप्त करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि विवाद से जुड़े सभी पक्षों के खिलाफ एफआईआर दर्ज हो चुकी है और आम जनता को परेशान नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने तहसीलदारों से जल्द काम पर लौटने का आग्रह किया।
क्या है पूरा विवाद?
बताया जा रहा है कि विधायक रामकुमार टोप्पो की बहन किसी कार्य से नायब तहसीलदार कार्यालय पहुंची थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि नायब तहसीलदार तुषार मानिकपुरी ने उनके साथ बदसलूकी की और बहस के दौरान फाइल फेंकते हुए उन्हें कार्यालय से बाहर जाने को कहा।
इसके बाद मामला बढ़ गया और विधायक समर्थकों तथा नायब तहसीलदार के बीच विवाद और हाथापाई की स्थिति बन गई। नायब तहसीलदार ने विधायक पर मारपीट का आरोप लगाया है। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ थाने में मामला दर्ज कराया है।
प्रदेशभर में हड़ताल जारी
विवाद के बाद प्रदेशभर के तहसीलदार विधायक रामकुमार टोप्पो की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हड़ताल पर हैं। दूसरी ओर विधायक समर्थक भी नायब तहसीलदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। ऐसे में यह मामला प्रशासनिक और राजनीतिक दोनों स्तरों पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
Hindi 



























































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































