छत्तीसगढ़ में 5 हजार शिक्षक पदों पर बड़ी भर्ती: राज्य स्तरीय परीक्षा से होगा चयन, एजेंसी कराएगी परीक्षा
रायपुर/भिलाई, 10 जून 2026
छत्तीसगढ़ के स्वामी आत्मानंद (सेजस) और स्वामी विवेकानंद उत्कृष्ट विद्यालयों में रिक्त पदों पर बड़ी भर्ती प्रक्रिया की तैयारी शुरू हो गई है। राज्य सरकार ने निर्णय लिया है कि लगभग 5 हजार पदों पर भर्ती राज्य स्तरीय केंद्रीयकृत परीक्षा के माध्यम से की जाएगी।
नई व्यवस्था के तहत परीक्षा के दिन ही शाम तक परिणाम और मेरिट सूची जारी कर दी जाएगी, ताकि चयन प्रक्रिया तेजी से पूरी हो सके। सरकार का लक्ष्य है कि 15 जुलाई तक नियुक्ति पत्र जारी कर दिया जाए, जिससे नए शैक्षणिक सत्र में स्कूलों में शिक्षकों की कमी न रहे।
इस बार भर्ती प्रक्रिया जिला स्तर पर नहीं होगी। शिक्षा विभाग ने सभी जिला स्तर की संविदा भर्ती प्रक्रियाओं पर रोक लगा दी है। पूरी चयन प्रक्रिया एक निजी एजेंसी के माध्यम से कराई जाएगी, जिसके लिए निविदा आमंत्रित की गई है।
शिक्षा विभाग ने सभी जिलों से स्कूलवार रिक्त पदों की विस्तृत जानकारी मांगी है। इसके आधार पर जल्द ही आधिकारिक भर्ती अधिसूचना जारी की जाएगी।
भर्ती में शैक्षणिक और गैर-शैक्षणिक पद दोनों शामिल होंगे। शैक्षणिक पदों में व्याख्याता, शिक्षक, सहायक शिक्षक और प्रधान पाठक जैसे पद शामिल हैं, जबकि गैर-शैक्षणिक पदों में ग्रंथपाल, प्रयोगशाला सहायक, कंप्यूटर शिक्षक, सहायक ग्रेड-2, ग्रेड-3, भृत्य और अन्य पद शामिल हैं।
इन उत्कृष्ट विद्यालयों में चयन के लिए संबंधित विषय में निर्धारित योग्यता के साथ बीएड या डीएड अनिवार्य होगा। साथ ही अभ्यर्थियों को अंग्रेजी माध्यम में पढ़ाने की क्षमता भी साबित करनी होगी।
शिक्षा मंत्री के अनुसार, पिछली भर्ती प्रक्रियाओं में अनियमितताओं के आरोप सामने आए थे, इसलिए इस बार पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी और केंद्रीकृत बनाया गया है, ताकि केवल मेरिट के आधार पर चयन सुनिश्चित हो सके।
Hindi 
































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































