# Tags
#राष्ट्रीय

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर दुनिया हुई योगमय, कोलकाता से न्यूयॉर्क और शंघाई तक दिखा उत्साह

International Yoga Day 2026 1

नई दिल्ली, 21 जून 2026

12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को पूरी दुनिया योगमय नजर आई। कोलकाता से लेकर न्यूयॉर्क, टोरंटो और शंघाई तक हजारों लोगों ने योग कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया। भारत समेत दुनिया भर में करीब 2,500 स्थानों पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए।

कोलकाता के ऐतिहासिक रेड रोड पर आयोजित मुख्य राष्ट्रीय कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने करीब 35 हजार लोगों के साथ योगाभ्यास किया। इस दौरान उन्होंने ताड़ासन, अर्धचक्रासन, भद्रासन और त्रिकोणासन सहित विभिन्न योगासन किए।

न्यूयॉर्क के टाइम्स स्क्वायर में विभिन्न देशों के करीब 10 हजार लोगों ने सामूहिक योग किया। वहीं कनाडा के टोरंटो में भारतीय वाणिज्य दूतावास द्वारा आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया।

चीन के शंघाई स्थित बंड फाइनेंस सेंटर में आयोजित कार्यक्रम में करीब 400 लोगों ने एक साथ योग किया। इसमें विभिन्न देशों के राजनयिक, प्रोफेसर, योग प्रेमी और भारतीय समुदाय के सदस्य शामिल हुए।

लद्दाख की पैंगोंग झील के किनारे भारतीय सेना और आईटीबीपी के जवानों ने कठिन परिस्थितियों में योगाभ्यास कर फिटनेस और अनुशासन का संदेश दिया। वहीं भारतीय नौसेना के जवानों ने भी योग कर स्वस्थ और मिशन-रेडी फोर्स का संकल्प दोहराया।

देश के विभिन्न हिस्सों में भी योग दिवस को लेकर उत्साह देखने को मिला। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शिलांग में, गृह मंत्री अमित शाह ने अहमदाबाद में, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने गुवाहाटी में योगाभ्यास किया।

वहीं महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुंबई में योग कर तनावमुक्त जीवन के लिए नियमित योग करने की सलाह दी। अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी ने गुरुग्राम में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होकर लोगों को फिटनेस और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया।

इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम “Yoga for Healthy Ageing” रखी गई है, जिसका उद्देश्य बढ़ती उम्र में भी स्वस्थ, सक्रिय और संतुलित जीवनशैली को बढ़ावा देना है।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *