बिलासपुर/रायपुर, 16 नवंबर 2026
छत्तीसगढ़ के शहरों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने बिलासपुर के पुराना बस स्टैंड परिसर में प्रदेश की पहली शटल तकनीक आधारित ऑटोमेटेड मल्टीलेवल कार पार्किंग का लोकार्पण किया। बिलासपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा लगभग 12 करोड़ 60 लाख रुपये की लागत से निर्मित इस अत्याधुनिक पार्किंग में एक साथ 80 कारें खड़ी की जा सकेंगी।
इस सुविधा के शुरू होने से पुराना बस स्टैंड और आसपास के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों में पार्किंग की समस्या से राहत मिलेगी। साथ ही सड़क किनारे अव्यवस्थित पार्किंग कम होने से यातायात का दबाव घटेगा और शहर में आवागमन अधिक सुगम होगा।
आधुनिक तकनीक से मजबूत होगी शहरी अधोसंरचना : मुख्यमंत्री साय
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रदेश के शहरों को आधुनिक, सुव्यवस्थित और नागरिक सुविधाओं से परिपूर्ण बनाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। बढ़ते शहरीकरण के साथ यातायात प्रबंधन और पार्किंग की चुनौतियों का समाधान आधुनिक तकनीक के माध्यम से किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सीमित स्थान में अधिकतम पार्किंग सुविधा उपलब्ध कराने वाली यह परियोजना शहरी अधोसंरचना के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इससे नागरिकों का समय बचेगा और शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में सहायता मिलेगी।
पांच मंजिला भवन में एक साथ खड़ी होंगी 80 कारें
उल्लेखनीय है कि यह आधुनिक पार्किंग भवन भूतल सहित पांच मंजिला है। इसमें प्रथम से चौथे तल तक प्रत्येक मंजिल पर 20 कारों की पार्किंग की व्यवस्था की गई है। भूतल पर वाहनों के प्रवेश, निकास और स्वचालित संचालन के लिए विशेष व्यवस्था विकसित की गई है।
सीमित शहरी भूमि का बेहतर उपयोग करते हुए तैयार की गई यह परियोजना बिलासपुर को आधुनिक और स्मार्ट शहर के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।
शटल तकनीक से अपने आप पार्क होगी कार
इस पार्किंग की सबसे बड़ी विशेषता इसकी अत्याधुनिक शटल तकनीक है। इसमें वाहन चालक को केवल भूतल पर निर्धारित प्रवेश बे में अपनी कार खड़ी करके बाहर आना होगा। इसके बाद स्वचालित नियंत्रण प्रणाली के माध्यम से एलिवेटर कार को निर्धारित मंजिल तक पहुंचाएगा और शटल रोबोटिक उपकरण उसे उपलब्ध पार्किंग स्लॉट में सुरक्षित खड़ा कर देगा।
इसी तरह जब वाहन चालक अपनी कार वापस लेना चाहेगा, तो अनुरोध करने पर स्वचालित प्रणाली कार को संबंधित पार्किंग स्लॉट से निकालकर भूतल स्थित निकास बे तक पहुंचा देगी। इस व्यवस्था में वाहन चालकों को ऊपरी मंजिलों पर जाकर पार्किंग स्थान तलाशने या स्वयं कार चलाकर पार्क करने की आवश्यकता नहीं होगी।
सुरक्षा और संचालन के लिए आधुनिक व्यवस्थाएं
परियोजना के अंतर्गत दो वाहन एलिवेटर, दो प्रवेश बे और दो निकास बे बनाए गए हैं। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पार्किंग परिसर में अग्नि पहचान एवं अग्निशमन प्रणाली, विद्युत बैकअप तथा स्वचालित नियंत्रण और निगरानी की व्यवस्था की गई है।
परियोजना के डिजाइन के अनुसार इस पार्किंग प्रणाली की वाहन संचालन क्षमता लगभग 60 वाहन प्रति घंटा निर्धारित की गई है। इससे कम समय में वाहनों की पार्किंग और निकासी संभव हो सकेगी।
पुराना बस स्टैंड क्षेत्र को मिलेगी बड़ी राहत
इस अत्याधुनिक पार्किंग सुविधा के शुरू होने से पुराना बस स्टैंड और आसपास के व्यावसायिक क्षेत्रों में आने वाले नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी। सड़क किनारे वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग में कमी आने से यातायात व्यवस्था बेहतर होगी। साथ ही बिलासपुर की स्मार्ट परिवहन अधोसंरचना को भी मजबूती मिलेगी।
लोकार्पण कार्यक्रम में ये जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव, विधायक श्री अमर अग्रवाल, श्री सुशांत शुक्ला एवं श्री धरमलाल कौशिक, महापौर श्रीमती पूजा विधानी तथा क्रेडा अध्यक्ष श्री भूपेंद्र सवन्नी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।


