बिलासपुर/रायपुर, 16 नवंबर 2026
छत्तीसगढ़ में सुशासन को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जनहितकारी बनाने की दिशा में राज्य सरकार लगातार आधुनिक तकनीक को बढ़ावा दे रही है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने अपने बिलासपुर प्रवास के दौरान जिला कार्यालय में शासकीय कर्मचारियों के लिए स्थापित आधुनिक कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र का शुभारंभ किया।
भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के बिलासपुर अंचल द्वारा कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के अंतर्गत स्थापित इस प्रशिक्षण केंद्र में शासकीय कर्मचारियों को कंप्यूटर संचालन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और साइबर सुरक्षा का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस पहल से कर्मचारियों की डिजिटल दक्षता और कार्यक्षमता बढ़ेगी। साथ ही आम नागरिकों को शासकीय सेवाओं का लाभ अधिक सरलता, पारदर्शिता और तेजी से मिल सकेगा।
तकनीक से मजबूत होगा सुशासन : मुख्यमंत्री साय
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि सुशासन की अवधारणा को साकार करने में आधुनिक तकनीक की महत्वपूर्ण भूमिका है। बदलते समय के साथ शासकीय कर्मचारियों का डिजिटल रूप से दक्ष होना बेहद आवश्यक है। कंप्यूटर और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसी आधुनिक तकनीकों का जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग प्रशासनिक कार्यों को अधिक सरल, सुगम और प्रभावी बना सकता है।
उन्होंने कहा कि तकनीक के बढ़ते उपयोग के साथ शासकीय अभिलेखों और नागरिकों की व्यक्तिगत जानकारी की सुरक्षा भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। यह प्रशिक्षण केंद्र कर्मचारियों के कौशल उन्नयन के साथ-साथ जनसेवाओं की गुणवत्ता में सुधार लाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा। मुख्यमंत्री ने इस जनोपयोगी पहल के लिए भारतीय स्टेट बैंक की सराहना की।
AI और साइबर सुरक्षा का मिलेगा व्यावहारिक प्रशिक्षण
प्रशिक्षण केंद्र में शासकीय कर्मचारियों को कंप्यूटर के प्रभावी उपयोग, डिजिटल कार्यप्रणाली और कार्यालयीन कार्यों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की उपयोगिता के संबंध में प्रशिक्षण दिया जाएगा।
इसके अलावा साइबर सुरक्षा के तहत फिशिंग, ऑनलाइन धोखाधड़ी, संदिग्ध लिंक की पहचान, सुरक्षित पासवर्ड, डेटा की गोपनीयता और सुरक्षित इंटरनेट उपयोग जैसे महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी जाएगी। इससे कर्मचारी डिजिटल माध्यमों का सुरक्षित और प्रभावी तरीके से उपयोग कर सकेंगे।
ई-गवर्नेंस को मिलेगा बढ़ावा
जिला प्रशासन के सहयोग एवं मार्गदर्शन में संचालित यह प्रशिक्षण केंद्र ई-गवर्नेंस को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इसके माध्यम से आधुनिक तकनीक से सक्षम, संवेदनशील और जवाबदेह प्रशासनिक व्यवस्था विकसित करने में मदद मिलेगी। डिजिटल दक्षता बढ़ने से सरकारी कार्यालयों के कामकाज में तेजी आएगी और नागरिकों को बेहतर एवं त्वरित सेवाएं उपलब्ध कराने का रास्ता मजबूत होगा।
जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे उपस्थित
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव, विधायक श्री धरमलाल कौशिक, श्री अमर अग्रवाल एवं श्री सुशांत शुक्ला, क्रेडा अध्यक्ष श्री भूपेंद्र सवन्नी, पाठ्य पुस्तक निगम के अध्यक्ष श्री राजा पांडे, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष श्री रजनीश सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री राजेश सूर्यवंशी, संभागायुक्त श्री सुनील जैन, आईजी श्री रामगोपाल गर्ग, कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल एवं एसएसपी श्री रजनेश सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।


