रायपुर, 19 जुलाई 2026

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रदेश सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के विकास, किसान कल्याण, महिला सशक्तिकरण, पारदर्शी सुशासन और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के संकल्प के साथ निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली डबल इंजन सरकार ने ढाई वर्षों में अधिकांश मोदी गारंटियों को पूरा कर जनता का विश्वास मजबूत किया है।

मुख्यमंत्री श्री साय राजधानी रायपुर के ग्राम बरौदा में आयोजित झेरिया यादव समाज के महासम्मेलन एवं सामाजिक भवन लोकार्पण समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने रायपुर में झेरिया यादव समाज के सामाजिक भवन के लिए 15 लाख रुपये देने की घोषणा की तथा ग्राम बरौदा में नवनिर्मित सामाजिक भवन का लोकार्पण किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यादव समाज भारतीय संस्कृति, गौ-सेवा, सामाजिक समरसता और भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों का संवाहक है। उन्होंने कहा कि संगठित और जागरूक समाज ही मजबूत राष्ट्र की आधारशिला होता है तथा ऐसे सम्मेलन सामाजिक एकता को नई दिशा देते हैं।

मोदी गारंटी और आवास योजना पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार गठन के बाद पहली ही कैबिनेट बैठक में 18 लाख प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत करने का ऐतिहासिक निर्णय लिया गया। वहीं विशेष पिछड़ी जनजातियों (PVTG) के लिए 32 हजार प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए गए हैं, जिससे अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंच रहा है।

किसानों को 3100 रुपये प्रति क्विंटल धान का दाम

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी कर रही है। सरकार खेती को लाभकारी बनाने और किसानों की आय बढ़ाने के लिए लगातार प्रभावी कदम उठा रही है।

महतारी वंदन योजना से महिलाओं को मजबूती

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि महतारी वंदन योजना के तहत प्रदेश की महिलाओं के खातों में हर महीने 1,000 रुपये की राशि सीधे हस्तांतरित की जा रही है। इससे महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और परिवारों की आर्थिक सुरक्षा को मजबूती मिली है।

बस्तर में शांति और विकास का नया दौर

मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर में अब नक्सलवाद की जगह शांति और विकास का माहौल बन रहा है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास और रोजगार जैसी सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है।

रामलला दर्शन और डिजिटल सुशासन पर भी जोर

मुख्यमंत्री ने बताया कि रामलला दर्शन योजना के तहत अब तक 50 हजार से अधिक श्रद्धालु अयोध्या धाम के दर्शन कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि सरकार “विकास भी और विरासत भी” के मूलमंत्र पर काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ देश का पहला राज्य है, जहां सुशासन एवं अभिसरण विभाग की स्थापना की गई है। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के माध्यम से नागरिकों की शिकायतों का 24×7 समाधान किया जा रहा है। साथ ही प्रत्येक पंचायत में अटल डिजिटल सेवा केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं, जिससे लोगों को विभिन्न सरकारी सेवाएं और प्रमाणपत्र एक ही स्थान पर आसानी से उपलब्ध हो रहे हैं।

कार्यक्रम में विधायक अनुज शर्मा, रामकुमार यादव, झेरिया यादव समाज के प्रदेश अध्यक्ष जगनीक यादव, भगत सिंह यादव, आशा संतोष यादव सहित बड़ी संख्या में समाज के पदाधिकारी और समाजजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts