रायपुर, 28 सितंबर 2026

विदेश मंत्रालय, भारत सरकार के नामांकन पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 3 से 6 अक्टूबर 2026 तक सिंगापुर जाने वाले छत्तीसगढ़ के उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे। प्रतिनिधिमंडल सिंगापुर में आयोजित होने वाले Singapore-India Network for Growth (SING) Forum 2026 में शामिल होगा।

इस अंतरराष्ट्रीय मंच पर छत्तीसगढ़ को अपनी उपलब्धियों, विकास की संभावनाओं और निवेश के अवसरों को वैश्विक स्तर पर प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। इसके साथ ही सिंगापुर के व्यापार जगत, उद्यमियों और निवेशकों के साथ भविष्य के सहयोग और साझेदारी की संभावनाओं पर चर्चा होगी।

SING Forum 2026 का पहला संस्करण

SING Forum 2026 का यह पहला संस्करण है, जिसका आयोजन Singapore Business Federation द्वारा किया जा रहा है। फोरम में सिंगापुर और भारत के वरिष्ठ सरकारी प्रतिनिधियों के साथ उद्योग जगत के प्रमुख और निवेशक शामिल होंगे। इसका उद्देश्य दोनों देशों के बीच आर्थिक साझेदारी को मजबूत करना और व्यापार एवं निवेश के नए अवसरों को प्रोत्साहित करना है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय फोरम में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करते हुए MSME, Startup और रोजगारपरक क्षेत्रों में उपलब्ध निवेश संभावनाओं को प्रस्तुत करेंगे। राज्य प्रतिनिधिमंडल की भागीदारी से छत्तीसगढ़ की औद्योगिक संभावनाओं को अंतरराष्ट्रीय निवेशकों और उद्यमियों के सामने रखने तथा दीर्घकालिक आर्थिक सहयोग के लिए संवाद का अवसर मिलेगा।

कौशल विकास और हरित विकास पर रहेगा फोकस

सिंगापुर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री साय के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल Skill Centre, Mandai Wildlife Reserve और Gardens by the Bay के साथ बैठकें करेगा। इन बैठकों में कौशल विकास, वन्यजीव संरक्षण, उद्यानिकी और हरित विकास से जुड़े अनुभवों और सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा होगी।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि यह यात्रा छत्तीसगढ़ को वैश्विक साझेदारों से जोड़ने और विकास के नए रास्ते खोलने का अवसर है। राज्य सरकार का प्रयास है कि वैश्विक स्तर पर उपलब्ध विशेषज्ञता, निवेश और नवाचार की संभावनाओं से छत्तीसगढ़ को जोड़कर विकास और रोजगार के नए अवसर तैयार किए जाएं।

उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल में वरिष्ठ अधिकारी शामिल

मुख्यमंत्री साय के साथ राज्य प्रतिनिधिमंडल में मुख्य सचिव विकास शील, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध सिंह, वाणिज्य एवं उद्योग विभाग के सचिव रजत कुमार, सीएसआईडीसी के प्रबंध संचालक विश्वेश कुमार तथा मुख्यमंत्री के विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी (ओएसडी) उमेश अग्रवाल शामिल रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts