रायपुर, 29 सितंबर 2026

एशियन गेम्स-2026 में महिला कबड्डी में भारत को स्वर्ण पदक दिलाने में अहम भूमिका निभाने वाली छत्तीसगढ़ की बेटी संजू देवी ने रायपुर लौटने के बाद उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव से मुलाकात की। नवा रायपुर स्थित शासकीय निवास कार्यालय में हुई मुलाकात के दौरान श्री साव ने संजू देवी की उपलब्धि पर उनका अभिनंदन कर हौसला बढ़ाया।

उप मुख्यमंत्री श्री साव ने संजू देवी की माता श्रीमती अमरीका बाई और पिता श्री रामजी का भी अभिनंदन किया। उन्होंने संजू को बधाई देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि ने भारत के साथ-साथ छत्तीसगढ़ के तीन करोड़ लोगों को भी गौरवान्वित किया है।

इस दौरान श्री साव ने संजू देवी से एशियन गेम्स के अनुभव और भारतीय महिला कबड्डी टीम के स्वर्ण पदक तक के अजेय सफर के बारे में जानकारी ली। उन्होंने प्रतियोगिता के दौरान मिले अनुभवों और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलने के विभिन्न पहलुओं पर भी संजू से चर्चा की।

उप मुख्यमंत्री ने संजू देवी का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि एशियन गेम्स जैसे बड़े अंतरराष्ट्रीय मंच पर हासिल किया गया अनुभव केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि तक सीमित नहीं रहेगा। इस अनुभव का लाभ छत्तीसगढ़ के अन्य खिलाड़ियों को भी मिलेगा।

संजू देवी ने अपने परिवार के साथ उप मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान भारतीय महिला कबड्डी टीम के गोल्ड मेडल तक के सफर और प्रतियोगिता से जुड़े अपने अनुभव साझा किए।

मुलाकात के दौरान खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार और संचालक आकांक्षा शिक्षा खलखो भी मौजूद रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts