रायपुर, 30 सितंबर 2026

उप मुख्यमंत्री एवं गृह तथा जेल मंत्री श्री विजय शर्मा की अध्यक्षता में राजनीतिक आंदोलनों से जुड़े प्रकरणों की वापसी के संबंध में प्रकरण वापसी समिति की बैठक मंत्रालय महानदी भवन, नवा रायपुर में आयोजित हुई। बैठक में उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव, महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी रजवाड़े और कृषि मंत्री श्री राम विचार नेताम सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में प्रदेश के विभिन्न जिलों में दर्ज राजनीतिक आंदोलनों से जुड़े 16 प्रकरणों की वापसी से संबंधित मामलों की प्रकरणवार समीक्षा की गई। इनमें 8 लंबित प्रकरण भी शामिल थे। समिति ने समीक्षा के बाद 9 प्रकरणों की अनुशंसा की, जबकि 2 प्रकरणों को पुनर्विचार के लिए संबंधित जिलों में भेजा गया।

इसके अलावा, शेष मामलों को राजनीतिक आंदोलनों से जुड़ा हुआ नहीं पाए जाने पर समिति ने विचार के बाद अस्वीकृत कर दिया।

समिति ने पूर्व में अनुशंसित लंबित प्रकरणों की वर्तमान स्थिति तथा नियमानुसार आगे की जाने वाली कार्रवाई की जानकारी अधिकारियों से ली। साथ ही न्यायालय में लंबित प्रकरणों को त्वरित गति से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए।

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने राजनीतिक प्रकरणों की वापसी से जुड़े मामलों की प्रकरणवार समीक्षा करते हुए आवश्यक प्रक्रियाओं को नियमानुसार आगे बढ़ाने के संबंध में अधिकारियों से चर्चा की।

बैठक में प्रमुख सचिव गृह सुश्री निहारिका बारीक, प्रमुख सचिव विधि श्री मनीष ठाकुर, गृह सचिव श्रीमती नेहा चंपावत और डीजीपी श्री अरुण देव गौतम सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts