‘मन की बात’ से देश में सकारात्मक बदलाव और जनभागीदारी को मिल रही नई दिशा : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
अंबिकापुर,29 नवम्बर 2026
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ देशवासियों को प्रेरित करने, समाज में सकारात्मक बदलाव लाने और जनभागीदारी को प्रोत्साहित करने का सशक्त माध्यम बन गया है। इस कार्यक्रम के जरिए देशभर में हो रहे नवाचारों, जनहित के प्रयासों और प्रेरणादायी उपलब्धियों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल रही है।
मुख्यमंत्री श्री साय रविवार को सरगुजा जिले के प्रवास के दौरान अंबिकापुर के सरगंवा स्थित पुष्प वाटिका में जनप्रतिनिधियों और नागरिकों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम की 140वीं कड़ी सुन रहे थे। इस दौरान उन्होंने सरगंवा में युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए मिनी स्टेडियम निर्माण की घोषणा की। साथ ही युवाओं से नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और अपनी ऊर्जा एवं प्रतिभा का उपयोग प्रदेश के विकास में करने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ‘मन की बात’ के माध्यम से एक परिवार के मुखिया की तरह देशवासियों से आत्मीय संवाद करते हैं। वे देश की उपलब्धियों को साझा करने के साथ ही सामाजिक चुनौतियों के समाधान के लिए भी नागरिकों को जागरूक और प्रेरित करते हैं। यही वजह है कि यह कार्यक्रम जन-जन से जुड़कर व्यापक जनभागीदारी का माध्यम बन गया है।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम में युवाओं के बीच बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर चिंता जताते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया। इसके साथ ही फिट इंडिया अभियान, साइकिलिंग और खेलों में भारत की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए युवाओं को शारीरिक रूप से स्वस्थ, मानसिक रूप से सशक्त और अनुशासित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा शक्ति ही विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण का सबसे बड़ा आधार है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री ने शासकीय कर्मचारियों की कार्यक्षमता और कौशल विकास के लिए संचालित आईगॉट कर्मयोगी डिजिटल प्लेटफॉर्म की उपयोगिता पर भी प्रकाश डाला। यह प्लेटफॉर्म सरकारी सेवाओं को अधिक दक्ष, प्रभावी और नागरिक-केंद्रित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। वहीं संचार साथी पोर्टल के माध्यम से गुम हुए मोबाइल फोन का पता लगाने और साइबर धोखाधड़ी से बचाव के उपायों की जानकारी देकर डिजिटल जागरूकता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में भारतीय गुड़, चॉकलेट और ऊंटनी के दूध से जुड़े नवाचारों एवं स्टार्टअप का भी उल्लेख किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानीय संसाधनों, परंपरागत उत्पादों और नए विचारों के माध्यम से उद्यमिता और स्वरोजगार की व्यापक संभावनाएं विकसित की जा सकती हैं।
छत्तीसगढ़ के नवाचारी प्रयासों को मिली राष्ट्रीय पहचान
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ के लिए गर्व की बात है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ के पूर्व प्रसारणों में बस्तर पंडुम, कोरिया जिले के जल संचय अभियान और ‘हर घर मुनगा’ अभियान जैसे नवाचारी प्रयासों की सराहना की है। इन पहलों का राष्ट्रीय स्तर पर उल्लेख होने से प्रदेश की लोकसंस्कृति, पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी से जुड़े प्रयासों को पहचान मिली है। इससे प्रदेशवासियों का उत्साह बढ़ा है और अन्य क्षेत्रों को भी प्रेरणा मिली है।
युवाओं के लिए खेल सुविधाओं का होगा विस्तार
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को शिक्षा, खेल, कौशल विकास और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में भी खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। जरूरत उन्हें उचित मंच, प्रशिक्षण और सुविधाएं उपलब्ध कराने की है। सरगंवा में मिनी स्टेडियम का निर्माण इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा। उन्होंने युवाओं से नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर खेल और रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ने की अपील की।
जनकल्याण और विकास के लिए प्रतिबद्ध राज्य सरकार
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार सुशासन, जनकल्याण और समावेशी विकास के संकल्प के साथ काम कर रही है। महतारी वंदन योजना के माध्यम से प्रदेश की लाखों महिलाओं को प्रतिमाह आर्थिक सहायता देकर आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं बस्तर में नक्सलवाद के विरुद्ध मिली सफलताओं से शांति, विश्वास और विकास का नया वातावरण निर्मित हो रहा है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ प्राकृतिक और खनिज संपदा से समृद्ध प्रदेश है। राज्य सरकार इस संपदा से प्राप्त राजस्व का उपयोग जनकल्याण, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और रोजगार के नए अवसरों के सृजन में कर रही है। विकास का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब उसका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
मुख्यमंत्री ने किया रुद्राक्ष का पौधरोपण, स्वास्थ्य शिविर भी लगा
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री श्री साय ने पुष्प वाटिका में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत रुद्राक्ष का पौधा रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि प्रकृति का संरक्षण सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम स्थल पर स्वास्थ्य शिविर का भी आयोजन किया गया, जहां नागरिकों की स्वास्थ्य जांच के साथ गैर-संचारी रोगों (एनसीडी) की स्क्रीनिंग की गई।
इस अवसर पर पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल, छत्तीसगढ़ वन विकास निगम के अध्यक्ष रामसेवक पैकरा, छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव, लुण्ड्रा विधायक प्रबोध मिंज, सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो, जिला पंचायत अध्यक्ष निरूपा सिंह, नगर निगम महापौर मंजूषा भगत और सभापति हरमिंदर टिन्नी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।


