शपथ ग्रहण समारोह में पीएम मोदी ने छुए थे जिन बुजुर्ग कार्यकर्ता के पैर, माखनलाल सरकार ने जताई पश्चिम बंगाल के विकास की इच्छा
11 मई 2026 | सिलीगुड़ी
पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार के शपथ ग्रहण समारोह के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता माखनलाल सरकार के पैर छूकर आशीर्वाद लेने की तस्वीरें काफी चर्चा में रहीं। 98 वर्षीय माखनलाल सरकार पश्चिम बंगाल में बीजेपी के सबसे पुराने और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं में गिने जाते हैं। समारोह के बाद उन्होंने पश्चिम बंगाल के विकास, युवाओं की शिक्षा और रोजगार को लेकर अपनी इच्छा जाहिर की है।
माखनलाल सरकार ने कहा कि उनकी हमेशा से यही कामना रही है कि पश्चिम बंगाल में विकास हो, युवाओं को अच्छी शिक्षा मिले और राज्य के लोगों को रोजगार के लिए बाहर न जाना पड़े। उन्होंने कहा कि अब नई सरकार को राज्य के समग्र विकास के लिए काम करना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें अपनी ईमानदारी और लंबे राजनीतिक संघर्ष का फल मिल रहा है।
श्यामा प्रसाद मुखर्जी के साथ हो चुके हैं गिरफ्तार
माखनलाल सरकार लंबे समय से जनसंघ और बाद में भाजपा से जुड़े रहे हैं। वर्ष 1952 में भारतीय तिरंगा फहराने के आंदोलन के दौरान उन्हें जनसंघ के संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी के साथ कश्मीर में गिरफ्तार भी किया गया था। पार्टी के प्रति उनकी निष्ठा और दशकों लंबे योगदान को देखते हुए शपथ ग्रहण समारोह में उन्हें विशेष सम्मान दिया गया।
कोलकाता में हुआ भव्य शपथ ग्रहण समारोह
कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित समारोह में शुभेंदु अधिकारी ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। उनके साथ दिलीप घोष, अग्निमित्रा पॉल, अशोक कीर्तनिया, खुदीराम टुडु और निसिथ प्रमाणिक ने मंत्री पद की शपथ ग्रहण की। शपथ ग्रहण से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंच पर पहुंचकर माखनलाल सरकार के पैर छूकर उनका आशीर्वाद लिया था।
पश्चिम बंगाल में पहली बार बनी बीजेपी सरकार
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में भाजपा ने ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए 207 सीटों पर कब्जा जमाया। वहीं तृणमूल कांग्रेस 80 सीटों तक सिमट गई। कांग्रेस और एजेयूपी को 2-2 सीटें मिलीं, जबकि सीपीआईएम केवल एक सीट जीत सकी। पश्चिम बंगाल में पहली बार भाजपा सरकार बनने को पार्टी के लिए बड़ी राजनीतिक उपलब्धि माना जा रहा है।
Hindi 













































































































































































































































































































































































































































































































































































































