रायपुर, 7 अक्टूबर 2026
नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव श्री सोनमणि बोरा ने बिलासपुर नगर निगम में संचालित योजनाओं, विकास कार्यों और निर्माण कार्यों की गहन समीक्षा की। उन्होंने अरपा नदी को प्रदूषण से बचाने के लिए शहर के 70 छोटे-बड़े नालों के पानी के उपचार की समग्र कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
बिलासपुर कलेक्टोरेट में आयोजित समीक्षा बैठक में कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल, एसएसपी श्री रजनेश सिंह, नगर निगम आयुक्त श्री प्रकाश कुमार सर्वे और सूडा के सीईओ श्री सुमित अग्रवाल मौजूद रहे।
बैठक में श्री बोरा ने अरपा नदी में नालों के जरिए पहुंच रहे दूषित पानी को रोकने के लिए किए जा रहे उपायों की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि शहर के 70 छोटे-बड़े नाले अरपा नदी में मिलते हैं। प्रमुख सचिव ने कहा कि दूषित पानी सीधे नदी में न पहुंचे, इसके लिए प्रभावी और दीर्घकालीन समाधान जरूरी है।
उन्होंने प्रत्येक नाले की स्थिति और पानी की मात्रा का आकलन कर उपचार की विस्तृत डीपीआर तैयार करने के निर्देश दिए। योजना में तकनीकी व्यवहार्यता, भविष्य की जरूरतों और दीर्घकालीन प्रभावों का भी परीक्षण करने को कहा गया। उन्होंने कहा कि आने वाला समय पानी का है, इसलिए सतही जल स्रोतों की स्वच्छता और संरक्षण पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।
शहर की स्वच्छता और यातायात व्यवस्था की समीक्षा
प्रमुख सचिव ने शहर की साफ-सफाई और यातायात व्यवस्था की भी समीक्षा की। उन्होंने स्वच्छता के प्रयासों को लगातार बनाए रखने और नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया। यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से काम करने के निर्देश दिए।
उन्होंने केंद्र और राज्य प्रवर्तित योजनाओं की प्रगति की जानकारी लेते हुए प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाए और सभी स्वीकृत कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरे हों।
नगरीय सेवाओं से जुड़ी परियोजनाओं को लंबे समय तक उपयोगी बनाए रखने पर जोर देते हुए उन्होंने सौर ऊर्जा आधारित परियोजनाओं की संभावनाओं पर भी काम करने के निर्देश दिए।
नालंदा परिसर और अधोसंरचना कार्यों की भी समीक्षा
श्री बोरा ने निर्माणाधीन एजुकेशन हब नालंदा परिसर की प्रगति की भी जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि 500 लोगों की बैठक क्षमता वाला नालंदा परिसर आधुनिक शैक्षणिक केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। प्रथम तल का स्लैब पूरा हो चुका है, जबकि द्वितीय तल का स्लैब करीब 50 प्रतिशत पूरा हो चुका है।
उन्होंने निर्माण कार्य में गुणवत्ता सुनिश्चित करते हुए इसे निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना और नगरीय अधोसंरचना से जुड़े कार्यों की समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने बताया कि बिलासपुर में अधोसंरचना मद के तहत कुल 542 कार्य स्वीकृत हैं। इनमें 334 कार्य पूर्ण, 182 प्रगतिरत और 26 कार्य अप्रारंभ हैं। प्रमुख सचिव ने प्रगतिरत कार्यों में तेजी लाने के साथ गुणवत्ता और समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने को कहा।
कमांड एंड कंट्रोल सेंटर का निरीक्षण
समीक्षा बैठक के बाद प्रमुख सचिव श्री सोनमणि बोरा ने कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल, एसएसपी श्री रजनेश सिंह और निगम आयुक्त श्री प्रकाश कुमार सर्वे के साथ तारबाहर स्थित कमांड एंड कंट्रोल सेंटर का निरीक्षण किया।
उन्होंने आईटीएमएस की पूरी कार्यप्रणाली और संचालन का जायजा लिया। कमांड एंड कंट्रोल सेंटर को उपयोगी बताते हुए उन्होंने शहर की यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए आवश्यक कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।


