रायपुर, 6 अक्टूबर 2026

सरगुजा संभाग के रेल यात्रियों को बड़ी सुविधा मिली है। अम्बिकापुर से हजरत निजामुद्दीन के बीच संचालित एक्सप्रेस ट्रेन अब सप्ताह में एक दिन के बजाय दो दिन चलेगी। मंगलवार को अम्बिकापुर रेलवे स्टेशन से सरगुजा सांसद श्री चिंतामणि महाराज ने द्विसाप्ताहिक ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

सांसद ने ट्रेन में सफर कर रहे यात्रियों से मुलाकात की, उन्हें पुष्प भेंट किए और सुखद यात्रा की शुभकामनाएं दीं।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर मंडल के अनुसार गाड़ी संख्या 22407 अम्बिकापुर-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस अब प्रत्येक मंगलवार और गुरुवार को अम्बिकापुर से सुबह 7:30 बजे रवाना होगी।

वहीं गाड़ी संख्या 22408 हजरत निजामुद्दीन-अम्बिकापुर एक्सप्रेस प्रत्येक रविवार और मंगलवार को रात 11 बजे हजरत निजामुद्दीन से रवाना होगी। ट्रेन की आवृत्ति बढ़ने से सरगुजा संभाग के यात्रियों को राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के लिए सप्ताह में एक अतिरिक्त सीधी रेल सेवा उपलब्ध हो गई है।

लंबे समय से थी सप्ताह में दो दिन ट्रेन चलाने की मांग

सांसद श्री चिंतामणि महाराज ने कहा कि अम्बिकापुर से दिल्ली के लिए सप्ताह में दो दिन ट्रेन संचालन की मांग लंबे समय से की जा रही थी। इसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। उन्होंने कहा कि सेवा की आवृत्ति बढ़ने से पूरे सरगुजा संभाग के यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।

उन्होंने कहा कि पहले सप्ताह में केवल एक दिन ट्रेन चलने से सभी यात्रियों को यात्रा का अवसर नहीं मिल पाता था। अब अतिरिक्त फेरा शुरू होने से यात्रियों को बेहतर रेल सुविधा मिलेगी। पहले दिन भी यात्रियों में नई सेवा को लेकर उत्साह दिखाई दिया।

रायगढ़, जशपुर सहित अन्य क्षेत्रों से भी यात्री ट्रेन से यात्रा करने पहुंचे। सांसद ने इस सुविधा के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति सरगुजा संभाग की जनता की ओर से आभार व्यक्त किया।

यात्रियों की मांग पर बढ़ाई गई ट्रेन की आवृत्ति

डीआरएम श्री राकेश रंजन ने बताया कि क्षेत्र के लोगों की ओर से दिल्ली के लिए संचालित रेल सेवा को सप्ताह में एक दिन से बढ़ाकर दो दिन करने की मांग लंबे समय से की जा रही थी। जनप्रतिनिधियों की मांग के आधार पर रेल मंत्रालय ने ट्रेन की आवृत्ति बढ़ाकर सप्ताह में दो दिन कर दी है।

उन्होंने कहा कि इससे केवल अम्बिकापुर ही नहीं, बल्कि ट्रेन के मार्ग में आने वाले विभिन्न स्टेशनों के यात्रियों को भी लाभ मिलेगा। उन्होंने क्षेत्र के लोगों से अतिरिक्त रेल सेवा का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की।

अम्बिकापुर रेलवे स्टेशन में बढ़ेंगी यात्री सुविधाएं

डीआरएम ने अम्बिकापुर रेलवे स्टेशन में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि स्टेशन में नया प्लेटफॉर्म बनाया जा रहा है। रेलवे लाइनों का विस्तार करने के साथ ही बड़े फुट ओवरब्रिज (एफओबी) का निर्माण भी कराया जा रहा है।

इसके अलावा कोचिंग सुविधाओं में सुधार का कार्य जारी है। भविष्य में अम्बिकापुर से और ट्रेनों के संचालन की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए जरूरी रेल अधोसंरचना और यात्री सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।

शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापार के लिए आवागमन होगा आसान

अम्बिकापुर नगर निगम की महापौर श्रीमती मंजूषा भगत ने कहा कि अम्बिकापुर से दिल्ली के लिए सप्ताह में दो दिन सीधी ट्रेन की सुविधा नगरवासियों और पूरे क्षेत्र के यात्रियों के लिए उपयोगी होगी।

इससे विद्यार्थियों, मरीजों, व्यापारियों और अन्य यात्रियों को दिल्ली आने-जाने में सहूलियत मिलेगी। उन्होंने इस रेल सुविधा के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति नगरवासियों की ओर से आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में डीसीएम श्री एस. भारतीयन, एसआर डीआरएम श्री अहूजा, पार्षद श्री आलोक दुबे, पार्षद श्री रविकांत उरांव, श्री भारत सिंह सिसोदिया, श्रीमती अरुणा सिंह और श्री विनोद हर्ष सहित जनप्रतिनिधि, रेलवे अधिकारी और वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts