रायपुर,27 सितम्बर 2026
28 सितंबर को होने वाली गणेश मूर्ति विसर्जन झांकी को देखते हुए रायपुर नगर निगम ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। महापौर मीनल चौबे ने झांकी के निर्धारित मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान फूलचौक से सदर बाजार तक जर्जर घोषित 15 मकानों का संयुक्त टीम के साथ निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने संबंधित मकान मालिकों के नाम के नोटिस जर्जर भवनों पर चस्पा किए। नगर निगम ने सुरक्षा के मद्देनजर मकान मालिकों को निर्देश दिया है कि झांकी के दिन जर्जर मकानों को खाली कराकर ताला लगाया जाए। साथ ही किसी भी दर्शनार्थी को जर्जर भवन की छत या ऊपरी हिस्से पर जाने की अनुमति नहीं होगी।
महापौर ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि जर्जर भवनों के मालिकों के अन्यत्र चले जाने की स्थिति में जर्जर मकानों के सामने बैरिकेडिंग कराई जाए, ताकि झांकी देखने आने वाले नागरिक वहां खड़े न हों और किसी तरह की दुर्घटना से बचाव हो सके।
महापौर ने सदर बाजार में गणेश विसर्जन झांकी के रूट का निरीक्षण कर अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान नगर निगम के लोक कर्म विभाग के अध्यक्ष दीपक जायसवाल, नगर निवेशक आभाष मिश्रा, कार्यपालन अभियंता आशुतोष सिंह, जोन-4 के कार्यपालन अभियंता शेखर सिंह सहित नगर निवेश विभाग और पुलिस के संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।


