रायपुर, 30 सितंबर 2026

भारत औद्योगिक विकास योजना (BHAVYA) के तहत छत्तीसगढ़ में इंटीग्रेटेड मल्टी-सेक्टर इंडस्ट्रियल पार्क विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। मुख्य सचिव श्री विकासशील की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में स्टेट लेवल कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में छत्तीसगढ़ कैपिटल रीजन डेवलपमेंट अथॉरिटी (CRDA) द्वारा प्रस्तावित औद्योगिक पार्क के प्रस्ताव पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में प्रस्तावित परियोजना की डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट, मास्टर प्लान, भूमि उपलब्धता, आवश्यक अधोसंरचना, परियोजना लागत और वित्तीय व्यवस्था सहित BHAVYA की संचालन गाइडलाइन से संबंधित जानकारी प्रस्तुत की गई।

समिति ने प्रस्ताव को भारत सरकार के उद्योग एवं आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग (DPIIT) के माध्यम से प्रस्तुत करने का निर्णय लिया। बैठक में चर्चा के बाद परियोजना प्रस्ताव को भारत सरकार को भेजे जाने के लिए अनुमोदित किया गया है।

नवा रायपुर में प्रस्तावित है औद्योगिक पार्क

CRDA द्वारा प्रस्तावित इंटीग्रेटेड मल्टी-सेक्टर इंडस्ट्रियल पार्क नवा रायपुर अटल नगर, जिला रायपुर में विकसित किया जाना प्रस्तावित है। लगभग 406.72 एकड़ क्षेत्रफल में विकसित होने वाले इस औद्योगिक पार्क में विभिन्न औद्योगिक गतिविधियों के लिए आवश्यक अधोसंरचना और सुविधाओं का विकास किया जाएगा।

DPIIT के समक्ष प्रस्तुत होगा प्रस्ताव

स्टेट लेवल कमेटी की मंजूरी के बाद अब CRDA द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के तहत परियोजना प्रस्ताव DPIIT, भारत सरकार के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। भारत सरकार से स्वीकृति प्राप्त होने के बाद परियोजना के आगामी चरणों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में नगरीय प्रशासन विभाग के प्रमुख सचिव श्री सोनमणि बोरा, आवास एवं पर्यावरण विभाग के सचिव श्री अंकित आनंद, श्रम विभाग के सचिव श्री हिमशिखर गुप्ता, प्रबंध संचालक CSIDC श्री उमेश कुमार झा और NRDA नवा रायपुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री चंदन कुमार सहित कलेक्टर रायपुर वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts