रायपुर, 3 अक्टूबर 2026

बरसात के बाद छत्तीसगढ़ में सड़क और पुल निर्माण के कार्यों को तेजी मिलेगी। राज्य शासन ने 672 करोड़ 22 लाख 30 हजार रुपए की लागत वाले 24 महत्वपूर्ण कार्यों की निविदाओं को मंजूरी दे दी है। इनमें नई सड़कों और पुलों के निर्माण के साथ मौजूदा सड़कों का उन्नयन, चौड़ीकरण, मजबूतीकरण, विद्युतीकरण और सौंदर्यीकरण शामिल है।

लोक निर्माण विभाग ने संबंधित अधिकारियों को चयनित ठेकेदारों और निर्माण एजेंसियों को जल्द कार्यादेश जारी कर निर्माण कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रदेश में मजबूत सड़क एवं पुल अधोसंरचना का निर्माण राज्य सरकार की विकास प्राथमिकताओं में शामिल है। बेहतर सड़कें गांवों और शहरों के बीच कनेक्टिविटी मजबूत करने के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, बाजार और अन्य आवश्यक सेवाओं तक लोगों की पहुंच आसान बनाती हैं। इन परियोजनाओं के पूरा होने से आवागमन बेहतर होगा तथा व्यापार, पर्यटन और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि स्वीकृत परियोजनाओं का लाभ लोगों तक जल्द पहुंचे और निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरे हों।

उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री श्री अरुण साव ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में सड़क और पुल अधोसंरचना के विस्तार के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम कर रही है। उन्होंने अधिकारियों को बरसात के बाद निर्माण कार्यों में तत्काल तेजी लाने और सभी कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

स्वीकृत 24 कार्यों में नई सड़कों के 7 कार्य, पुल एवं पहुंच मार्गों के 2 कार्य, सड़क उन्नयन के 3 कार्य तथा चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण के 12 कार्य शामिल हैं।

दुर्ग, धमतरी, राजनांदगांव सहित कई जिलों में नई सड़कें

दुर्ग जिले में पुलगांव पुल मुख्य मार्ग से अंजोरा-रसमड़ा राज्य मार्ग तक 5.28 किलोमीटर फोरलेन सड़क के निर्माण के लिए 28 करोड़ 2 लाख 70 हजार रुपए की निविदा मंजूर की गई है।

धमतरी जिले में आमदी नगर पंचायत में 3.50 किलोमीटर फोरलेन गौरव पथ के निर्माण एवं सौंदर्यीकरण के लिए 19 करोड़ 26 लाख 10 हजार रुपए की निविदा स्वीकृत हुई है।

राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ में पुल-पुलियों सहित 8 किलोमीटर फोरलेन परिक्रमा पथ के लिए 46 करोड़ 22 लाख 8 हजार रुपए मंजूर किए गए हैं।

इसके अलावा बिलासपुर जिले में 17.61 किलोमीटर झाल-नगपुरा मार्ग के लिए 29 करोड़ 91 लाख 92 हजार रुपए, महासमुंद में 6.50 किलोमीटर सल्डीह-बहादुरपुर मार्ग के लिए 11 करोड़ 27 लाख 98 हजार रुपए, बलरामपुर-रामानुजगंज में 7.60 किलोमीटर सिविलदाग-नीलकंठपुर सड़क के लिए 14 करोड़ 13 हजार रुपए तथा रायगढ़ में 3.40 किलोमीटर उर्दना-कृष्णापुर-खैरपुर मार्ग के लिए 13 करोड़ 74 लाख 29 हजार रुपए की निविदा मंजूर की गई है।

अरपा और खारून नदी पर बनेंगे उच्च स्तरीय पुल

बिलासपुर जिले में लोधीपारा (सरकंडा)-कोनी मार्ग पर अरपा नदी में उच्च स्तरीय पुल एवं पहुंच मार्ग के लिए 17 करोड़ 63 लाख 32 हजार रुपए तथा चोरहादेवरी-परसदा मार्ग पर खारून नदी में उच्च स्तरीय पुल एवं पहुंच मार्ग के लिए 7 करोड़ 68 लाख 16 हजार रुपए की निविदा मंजूर की गई है।

इन पुलों के निर्माण से संबंधित क्षेत्रों में आवागमन सुगम होने के साथ स्थानीय कनेक्टिविटी मजबूत होगी।

करीब 79 करोड़ से तीन सड़कों का उन्नयन

सड़क उन्नयन के तीन कार्यों के लिए कुल 78 करोड़ 96 लाख 74 हजार रुपए की निविदा स्वीकृत हुई है। इनमें बलरामपुर-रामानुजगंज जिले का 18 किलोमीटर परसवार-चलगली मार्ग, रायपुर में अभनपुर के पुराने एनएच-30 के 2.60 किलोमीटर हिस्से का फोरलेन उन्नयन और रायगढ़ में 12.30 किलोमीटर कोड़ातराई-पुसौर-सूरजगढ़ सड़क का उन्नयन शामिल है।

धमतरी में कई मार्गों का चौड़ीकरण और मजबूतीकरण

धमतरी जिले में मेघा रोड तिराहा-स्टेशन रोड-चरमुड़िया एनएच-30 के 3.75 किलोमीटर हिस्से के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण के लिए 14 करोड़ 45 लाख 12 हजार रुपए मंजूर किए गए हैं।

इसके अलावा पचपेड़ी-तर्रागोंदी-भेलवाकूदा-टिपानी-सेमरा मार्ग के 5 किलोमीटर हिस्से के लिए 13 करोड़ 32 लाख 82 हजार रुपए, छाती-गागरा-कंडेल-देवपुर मार्ग के 9 किलोमीटर हिस्से के लिए 23 करोड़ 12 लाख 46 हजार रुपए तथा अर्जुनी-भानपुरी-तरसींवा-कुर्रा-अमलीडीह-हसदा मार्ग के 10 किलोमीटर हिस्से के लिए 19 करोड़ 42 लाख 22 हजार रुपए की निविदा मंजूर हुई है।

राजनांदगांव-गुंडरदेही-धमतरी-नगरी सिहावा-बोराई राज्य मार्ग के 23 किलोमीटर हिस्से के मजबूतीकरण एवं डामरीकरण के लिए भी 11 करोड़ 70 लाख 83 हजार रुपए मंजूर किए गए हैं।

रायगढ़ में फोरलेन सड़क और विद्युतीकरण

रायगढ़ जिले के रायगढ़-लोइंग-महापल्ली मार्ग के 5 किलोमीटर हिस्से के फोरलेन चौड़ीकरण एवं विद्युतीकरण के लिए 59 करोड़ 49 लाख 4 हजार रुपए तथा रायगढ़-कोतरा-नंदेली राज्य मार्ग के 5 किलोमीटर हिस्से के लिए 47 करोड़ 77 लाख 76 हजार रुपए की निविदा मंजूर हुई है।

कांकेर से सरगुजा तक मजबूत होगा सड़क नेटवर्क

कांकेर-भानुप्रतापपुर-संबलपुर राज्यीय राजमार्ग में पुल-पुलियों सहित 36.80 किलोमीटर सड़क के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण के लिए 85 करोड़ 83 लाख 4 हजार रुपए की निविदा स्वीकृत की गई है।

बेमेतरा में 30.80 किलोमीटर देवकर-साजा-खम्हरिया मार्ग के मजबूतीकरण के लिए 30 करोड़ 22 लाख 88 हजार रुपए, दुर्ग में 15.50 किलोमीटर भिलाई-सिरसा-औरी-मोतीपुर मार्ग के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण के लिए 14 करोड़ 16 लाख 16 हजार रुपए मंजूर किए गए हैं।

सरगुजा में 28 किलोमीटर सोनतराई-मैनपाट मार्ग के मजबूतीकरण एवं सौंदर्यीकरण के लिए 26 करोड़ 7 लाख 34 हजार रुपए तथा महासमुंद में 25.90 किलोमीटर बिहाझर-गांजर-रेवा मार्ग के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण के लिए 59 करोड़ 89 लाख 21 हजार रुपए की निविदा मंजूर हुई है।

निर्माण की गुणवत्ता और समय-सीमा पर विशेष जोर

राज्य शासन ने सभी संबंधित कार्यपालन अभियंताओं को निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और विभागीय मापदंडों के अनुरूप पर्यवेक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि स्वीकृत कार्यों को सबलेट नहीं किया जा सकेगा और कार्य संपादन के लिए पावर ऑफ अटॉर्नी भी मान्य नहीं होगी। कार्यपालन अभियंताओं को निर्धारित अनुबंध अवधि में कार्य पूरा कराने तथा प्रशासकीय स्वीकृति और आबंटन की सीमा के भीतर अनुबंध के अनुसार कार्य संपादित कराने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts