# Tags
#अपराध / कानून #राष्ट्रीय

CBSE अध्यक्ष और सचिव का तबादला, OSM विवाद की जांच के लिए समिति गठित

image editor output image115947502 1780409974659

नई दिल्ली, 2 जून 2026

ऑन-स्क्रीन मार्किंग (OSM) विवाद के बीच CBSE के अध्यक्ष राहुल सिंह और सचिव हिमांशु गुप्ता का तबादला कर दिया गया है। साथ ही, बोर्ड द्वारा ऑन-स्क्रीन मार्किंग सेवाओं की खरीद प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं की जांच के लिए उच्च स्तरीय समिति का गठन किया गया है।

शिक्षा मंत्रालय ने यह कदम ऐसे समय उठाया है जब हाल ही में सीबीएसई के ऑनलाइन मूल्यांकन पोर्टल में सुरक्षा खामियों और पुनर्मूल्यांकन प्रक्रिया से जुड़ी शिकायतें सामने आई थीं। बोर्ड ने भी स्वीकार किया था कि कक्षा 12वीं की उत्तर पुस्तिकाओं से संबंधित कुछ डेटा सार्वजनिक डोमेन में उपलब्ध होने के दावे सही पाए गए हैं।

ठेका प्रक्रिया की होगी जांच

मंत्रालय ने ओएसएम मूल्यांकन से जुड़ी निजी कंपनी को ठेका दिए जाने की पूरी प्रक्रिया की रिपोर्ट तलब की है। साथ ही निविदा प्रक्रिया, तकनीकी पात्रता मानदंड और वित्तीय नियमों के पालन की भी जांच के आदेश दिए गए हैं।

सूत्रों के अनुसार, यह जांच यह पता लगाने के लिए की जा रही है कि खरीद प्रक्रिया के दौरान सभी निर्धारित नियमों और मानकों का पालन किया गया था या नहीं। जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों या संबंधित पक्षों पर कार्रवाई की जा सकती है।

छात्रों को राहत देने की तैयारी

मंत्रालय मूल्यांकन प्रक्रिया से प्रभावित छात्रों को राहत देने के विकल्पों पर भी विचार कर रहा है। इसमें पुनर्मूल्यांकन प्रक्रिया में तेजी लाना और काउंसिलिंग अवधि बढ़ाने जैसे कदम शामिल हो सकते हैं।

इस बीच, सीबीएसई ने दावा किया है कि ऑन-स्क्रीन मार्किंग सिस्टम में चिन्हित कमियों को दूर कर लिया गया है और अन्य संभावित तकनीकी खामियों की भी समीक्षा की जा रही है।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *