रायपुर, 1 अक्टूबर 2026
सरगुजा जिले के दरिमा क्षेत्र में खुले खेत में असहाय अवस्था में मिली नवजात बच्ची की खबर सामने आने के बाद पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने मामले का संज्ञान लिया। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से बच्ची के स्वास्थ्य और उपचार की जानकारी लेते हुए समुचित उपचार और सुरक्षित देखरेख सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
श्री अग्रवाल ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) से फोन पर चर्चा कर नवजात की स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि इतनी छोटी बच्ची के उपचार और देखभाल में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। बच्ची को लगातार चिकित्सकीय निगरानी में रखते हुए आवश्यकता के अनुसार सभी जरूरी चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
मंत्री ने कहा कि बच्ची की सुरक्षा और आगे के संरक्षण के लिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि इस समय सबसे महत्वपूर्ण बच्ची का जीवन, स्वास्थ्य और सुरक्षा है। उसे बेहतर उपचार के साथ सुरक्षित वातावरण और भविष्य के लिए आवश्यक संरक्षण भी मिलना चाहिए।
उन्होंने अधिकारियों को बच्ची के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी करने और चिकित्सकीय आवश्यकता के अनुसार सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही उसके आगे के संरक्षण और पालन-पोषण से संबंधित प्रक्रिया में संबंधित विभागों को संवेदनशीलता के साथ जिम्मेदारी निभाने को कहा।
दरिमा क्षेत्र में खेत के पास मिली नवजात बच्ची को ग्रामीणों की मदद से उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया था। फिलहाल बच्ची को चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है। उसके स्वास्थ्य और सुरक्षा को लेकर प्रशासन एवं संबंधित विभागों के बीच आवश्यक समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
श्री अग्रवाल ने नवजात बच्ची के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा कि उसे उपचार के साथ सुरक्षा, संरक्षण और आगे बढ़ने के लिए सुरक्षित वातावरण मिलना प्राथमिकता है।


