# Tags
#राज्य

खाद्य विभाग के औचक निरीक्षण में मिली कई खामियां, एक्सपायरी सामान जब्त होने से मचा हड़कंप

जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा चलाए जा रहे सघन निरीक्षण अभियान के दौरान कई अनियमितताएं सामने आई हैं। कार्रवाई के बाद अस्पताल कैंटीन संचालकों से लेकर किराना दुकानदारों तक हड़कंप की स्थिति बन गई। यह अभियान “सही दवा-शुद्ध आहार, यही छत्तीसगढ़ का आधार” अभियान के तहत चलाया जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक, अभिहित अधिकारी सिद्धार्थ पांडे के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा दल ने सिविल अस्पताल खैरागढ़ और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छुईखदान की कैंटीनों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान महिला समूहों द्वारा संचालित किचन और कैंटीनों की साफ-सफाई, खाद्य सामग्री के भंडारण और सुरक्षा मानकों की गहन जांच की गई।

निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर व्यवस्थाएं संतोषजनक नहीं पाई गईं। टीम ने साफ-सफाई, खाद्य पदार्थों के रखरखाव और गुणवत्ता संबंधी खामियों को लेकर संचालकों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए।

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने निरीक्षण के दौरान एक्सपायरी खाद्य सामग्री भी जब्त की। अधिकारियों ने संबंधित दुकानदारों और संचालकों को चेतावनी देते हुए खाद्य सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए हैं।

विभागीय अधिकारियों के अनुसार, जिलेभर में यह अभियान लगातार जारी रहेगा और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से समझौता करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *