# Tags
#All #राज्य

दलदल में फंसने से 5 माह के हाथी शावक की मौत, वन विभाग की कार्यशैली पर उठे सवाल

12 मई 2026 | रायगढ़

रायगढ़ जिले के धर्मजयगढ़ क्षेत्र अंतर्गत छाल रेंज के केराझरिया जंगल में दलदल में फंसने से लगभग 5 माह के एक हाथी शावक की दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि शावक अपनी टोली के साथ जंगल क्षेत्र में विचरण कर रहा था, तभी वह दलदली इलाके में फंस गया। काफी प्रयासों के बावजूद उसे बाहर नहीं निकाला जा सका और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद हाथियों का झुंड लंबे समय तक आसपास मंडराता रहा, जिससे इलाके में भावुक माहौल बन गया।

एक वर्ष में 12 हाथी शावकों की मौत

जानकारी के मुताबिक रायगढ़ और धर्मजयगढ़ वन मंडल में पिछले एक वर्ष के भीतर अब तक 12 हाथी शावकों की मौत हो चुकी है। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं के बाद वन विभाग की कार्यशैली और हाथियों के संरक्षण को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों और वन्यजीव प्रेमियों का आरोप है कि लगातार मौतों के बावजूद विभाग द्वारा कोई ठोस और प्रभावी रणनीति नहीं बनाई जा रही है।

हाथियों के सुरक्षित रहवास पर संकट

विशेषज्ञों का मानना है कि जिले में हाथियों की संख्या तेजी से बढ़ रही है, लेकिन उनके सुरक्षित रहवास, भोजन और आवागमन के लिए पर्याप्त व्यवस्थाएं नहीं हैं। जंगलों में घटते प्राकृतिक संसाधन, मानव हस्तक्षेप और संवेदनशील इलाकों की निगरानी में कमी के कारण हाथी-मानव संघर्ष लगातार बढ़ता जा रहा है।

हाथी कॉरिडोर और निगरानी बढ़ाने की मांग

वन्यजीव संरक्षण से जुड़े संगठनों ने इस घटना को गंभीर बताते हुए राज्य सरकार से हाथी कॉरिडोर विकसित करने, दलदली क्षेत्रों की निगरानी बढ़ाने और वन विभाग की जवाबदेही तय करने की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए, तो आने वाले समय में मानव और वन्यजीव दोनों के लिए संकट और गहरा सकता है।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *