रायगढ़ में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा सिंडिकेट का भंडाफोड़, 1 करोड़ से ज्यादा कैश और हवाला नेटवर्क का खुलासा
13 मई 2026 | रायगढ़
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में पुलिस ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी और हवाला नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संगठित सट्टा सिंडिकेट का पर्दाफाश किया है। साइबर सेल, कोतवाली और घरघोड़ा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 1 करोड़ 2 लाख 81 हजार 300 रुपये नकद, नोट गिनने की मशीन, मोबाइल फोन और वित्तीय लेनदेन से जुड़े अहम साक्ष्य बरामद किए गए हैं। मामले में रायगढ़ निवासी करन चौधरी, पुष्कर अग्रवाल और सुनील अग्रवाल को गिरफ्तार किया गया है।
आईपीएल सट्टे से करोड़ों की अवैध कमाई
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ऑनलाइन आईपीएल सट्टे के जरिए करोड़ों रुपये की अवैध कमाई कर रहे थे और हवाला नेटवर्क के माध्यम से काली कमाई को सफेद किया जा रहा था। साइबर सेल ने कॉल डिटेल, चैट रिकॉर्ड, डिजिटल ट्रेल और फाइनेंशियल एनालिसिस के जरिए नेटवर्क का खुलासा किया। जांच में पता चला कि करन चौधरी रायगढ़, सक्ती, रायपुर, बिलासपुर से लेकर दिल्ली तक फैले नेटवर्क के जरिए ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित कर रहा था।
पेट्रोल पंप और मेडिकल स्टोर के जरिए कैश डंप
पुलिस के मुताबिक सट्टे से मिली रकम को सीधे अपने पास रखने के बजाय आरोपी पेट्रोल पंप, मेडिकल स्टोर और अन्य व्यावसायिक माध्यमों से कैश डंप करते थे, जिसे बाद में हवाला चैनल के जरिए ट्रांसफर किया जाता था। जांच में कृष्ण प्राइड टावर निवासी पुष्कर अग्रवाल और उसके पिता सुनील अग्रवाल की भूमिका भी सामने आई, जो कथित तौर पर सट्टे की रकम को हवाला नेटवर्क के जरिए सफेद करने का काम कर रहे थे।
50 लाख कैश और नोट गिनने की मशीन बरामद
पुलिस ने कृष्ण प्राइड टावर स्थित फ्लैट में छापा मारकर सुनील अग्रवाल के कब्जे से 50 लाख रुपये नकद, नोट गिनने की मशीन और मोबाइल फोन बरामद किया। वहीं पुष्कर अग्रवाल के पास से 52 लाख 60 हजार रुपये कैश और दो मोबाइल फोन जब्त किए गए। इससे पहले करन चौधरी के कब्जे से भी नगदी और मोबाइल बरामद हुए थे।

करन चौधरी पर पहले से दर्ज हैं कई गंभीर मामले
पुलिस ने बताया कि आरोपी जांच एजेंसियों से बचने के लिए कर्मचारियों और परिचितों के बैंक खातों तथा मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल करते थे। मुख्य आरोपी करन चौधरी के खिलाफ पहले से जुआ-सट्टा, रंगदारी, मारपीट, अपहरण और आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरण जैसे कई गंभीर मामले दर्ज हैं। पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 111 (संगठित अपराध) भी जोड़ी है।
फरार आरोपी की तलाश जारी
मामले में फरार आरोपी जसमीत सिंह बग्गा उर्फ गुड्डा सरदार की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि उसकी गिरफ्तारी से नेटवर्क से जुड़े कई और बड़े खुलासे हो सकते हैं। एसएसपी शशिमोहन सिंह ने कहा कि जिले में सट्टा, हवाला और ब्लैक मनी से जुड़े नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
Hindi 













































































































































































































































































































































































































































































































































































































