शपथ ग्रहण के लिए सुवेंदु रवाना,कोलकाता परेड ग्राउंड में जुटेंगे 1 लाख लोग
पश्चिम बंगाल में आजादी के बाद पहली बार बीजेपी सरकार बनाने जा रही है। भवानीपुर सीट से पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को हराने वाले शुभेंदु अधिकारी आज सुबह 11 बजे पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह के लिए सुवेंदु अधिकारी रवाना हो चुके हैं।
कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित होने वाले इस भव्य समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह समेत NDA के कई बड़े नेता शामिल होंगे। समारोह में करीब एक लाख लोगों के जुटने का अनुमान लगाया जा रहा है।
शपथ ग्रहण को लेकर ब्रिगेड परेड ग्राउंड में तैयारियां अंतिम चरण में हैं। राज्य के अलग-अलग हिस्सों से पहुंचे बांग्ला कलाकार सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समारोह की रौनक बढ़ा रहे हैं। भारी भीड़ को देखते हुए खाने-पीने की भी विशेष व्यवस्था की गई है। मैदान में जगह-जगह झालमुड़ी के स्टॉल लगाए गए हैं।
VIP मेहमानों के लिए खास मेन्यू
वीआईपी मेहमानों के लंच के लिए विशेष बंगाली और भारतीय व्यंजनों की व्यवस्था की गई है। मेन्यू में आलू दम, काली दाल, पुलाव, मिक्स वेज, मसाला कुल्चा, अचार और सलाद शामिल हैं। इसके अलावा पारंपरिक बंगाली डिश बैंगन भाजा, साग और आलू पोश्तो भी परोसा जाएगा। मिठाई में गुलाब जामुन रखा गया है।
Hindi 











































































































































































































































































































































































































































































































































































































































