# Tags
#अपराध / कानून #राज्य

7 साल से फरार बिहार का मोस्ट वांटेड अपराधी रायपुर से गिरफ्तार: स्टील कंपनी में छिपकर कर रहा था नौकरी, 25 हजार का था इनाम

IMG 20260607 221630

रायपुर, 7 जून 2026

बिहार के जहानाबाद जिले में दर्ज गंभीर आपराधिक मामलों में पिछले सात वर्षों से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी अजय यादव को रायपुर ग्रामीण पुलिस और बिहार पुलिस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी रायपुर के सिलतरा औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक निजी स्टील कंपनी में पहचान छिपाकर नौकरी कर रहा था।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ वर्ष 2019 में जहानाबाद के महिला थाना में दुष्कर्म, लूट, हत्या के प्रयास, घर में घुसकर हमला और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। घटना के बाद से वह लगातार फरार चल रहा था।

25 हजार रुपये का था इनाम

आरोपी की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए बिहार पुलिस ने उस पर 25 हजार रुपये का नकद इनाम घोषित किया था। तकनीकी जांच और खुफिया जानकारी के आधार पर पुलिस को उसके रायपुर में छिपे होने की सूचना मिली थी।

रायपुर पहुंची बिहार पुलिस, बनी संयुक्त टीम

सूचना मिलने पर जहानाबाद पुलिस की विशेष टीम रायपुर पहुंची और रायपुर ग्रामीण पुलिस के साथ मिलकर संयुक्त अभियान चलाया। सिलतरा चौकी प्रभारी राजेंद्र सिंह कंवर के नेतृत्व में टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की।

स्टील कंपनी से दबोचा गया आरोपी

जांच के दौरान पता चला कि आरोपी सिलतरा की एक निजी स्टील कंपनी में लंबे समय से कार्यरत है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस ने योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे बिहार पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।

कंपनी प्रबंधन की लापरवाही आई सामने

जांच में यह भी सामने आया कि जिस स्टील कंपनी में आरोपी काम कर रहा था, वहां पुलिस सत्यापन की प्रक्रिया पूरी नहीं की गई थी। पुलिस का कहना है कि यदि कर्मचारियों का अनिवार्य सत्यापन कराया गया होता तो आरोपी की पहचान पहले ही उजागर हो सकती थी।

रायपुर ग्रामीण पुलिस ने मामले को गंभीर मानते हुए संबंधित कंपनी प्रबंधन को नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और वैधानिक कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

उद्योगों को फिर दी गई चेतावनी

पुलिस ने सिलतरा सहित क्षेत्र के सभी औद्योगिक प्रतिष्ठानों को कर्मचारियों का समयबद्ध पुलिस सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नियमों का पालन नहीं करने वाले संस्थानों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *