भारतमाला जमीन घोटाले में ED की बड़ी कार्रवाई: पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर के भाई के घर सुबह-सुबह रेड
(धमतरी, छत्तीसगढ़), 27 अप्रैल 2026
भारतमाला परियोजना से जुड़े कथित जमीन घोटाले की जांच में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर के भाई भूपेंद्र चंद्राकर के घर पर दबिश दी। सोमवार सुबह पौ फटने से पहले ही ED की टीम कुरुद पहुंच गई और पिछले कई घंटों से लगातार सर्च ऑपरेशन जारी है। टीम दस्तावेजों की गहन जांच करने के साथ-साथ भूपेंद्र चंद्राकर से पूछताछ भी कर रही है।
सुबह से जारी तलाशी, दस्तावेज खंगाल रही टीम
सूत्रों के मुताबिक, ED की टीम करीब 7 घंटे से अधिक समय से घर के भीतर जांच में जुटी हुई है। इस दौरान संपत्ति से जुड़े कागजात, लेन-देन और जमीन से संबंधित रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। अधिकारियों द्वारा हर दस्तावेज को बारीकी से खंगालते हुए कथित घोटाले की कड़ियों को जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
अब तक आधिकारिक बयान नहीं, जांच जारी
हालांकि ED की ओर से इस कार्रवाई को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह पूरी कार्रवाई भारतमाला परियोजना के तहत जमीन खरीदी-बिक्री में हुई कथित अनियमितताओं की जांच से जुड़ी बताई जा रही है। इस रेड के बाद इलाके में हलचल बढ़ गई है और आगे इस मामले में बड़े खुलासों की संभावना जताई जा रही है।
Hindi 




















































































































































































































































































































































































































