सुशासन तिहार में ललिता को मिला आयुष्मान कार्ड, परिवार को 5 लाख तक निःशुल्क इलाज का लाभ
रायपुर, 11 जून 2026
गौरेला विकासखंड के ग्राम पंचायत लमना की ललिता अपने परिवार के स्वास्थ्य संबंधी खर्चों को लेकर लंबे समय से चिंतित थीं। किसी भी गंभीर बीमारी या आकस्मिक स्वास्थ्य समस्या की स्थिति में इलाज का खर्च उनके लिए बड़ी चुनौती बन सकता था। इसी बीच सुशासन तिहार के अंतर्गत ग्राम लमना में आयोजित जनसमस्या शिविर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा उन्हें आयुष्मान कार्ड प्रदान किया गया। कार्ड मिलने के बाद ललिता के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी।
उन्होंने बताया कि अब उनके परिवार को 5 लाख रुपये तक के निःशुल्क उपचार की सुविधा मिल सकेगी, जिससे भविष्य में स्वास्थ्य संबंधी आर्थिक परेशानियों का काफी हद तक समाधान हो जाएगा। ललिता ने कहा कि पहले उन्हें इलाज के बढ़ते खर्च की चिंता रहती थी, लेकिन अब आयुष्मान कार्ड मिलने से उन्हें सुरक्षा और विश्वास का एहसास हुआ है और यह उनके परिवार के लिए बड़ी राहत साबित होगा।
उन्होंने शासन की इस जनहितकारी पहल और सुशासन तिहार शिविर के सफल आयोजन के लिए मुख्यमंत्री श्री Vishnu Deo Sai का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाएं अब सीधे ग्रामीणों तक पहुंच रही हैं और पात्र लोगों को इसका लाभ मिल रहा है।
Hindi 



































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































